भीम प्रज्ञा न्यूज.चिड़ावा। झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में चर्चित वीडियो कांड के विरोध में सोमवार को सर्व समाज एवं व्यापार मंडल के आह्वान पर ऐतिहासिक बंद रहा। बंद को व्यापारियों, सामाजिक संगठनों तथा आमजन का व्यापक समर्थन मिला। शहर में दवा दुकानों एवं आवश्यक सेवाओं को छोड़ अधिकांश प्रतिष्ठान पूरे दिन बंद रहे। रेहड़ी-ठेला संचालकों ने भी स्वेच्छा से अपना कारोबार बंद रखकर विरोध दर्ज कराया। बंद के दौरान विवेकानंद चौक पर सर्व समाज की एक बड़ी सभा आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं नागरिकों ने भाग लिया।
वक्ताओं ने वीडियो कांड की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की मांग उठाई। सभा में उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि समाज में गलत संदेश न जाए।हालांकि सभा के बाद लिए गए कुछ निर्णयों और चर्चाओं को लेकर शहर में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कई लोगों ने सभा में लिए गए फैसलों और समाज की एकजुटता की सराहना की, वहीं कुछ लोगों का मानना है कि मामले में और अधिक कठोर कदम उठाए जाने चाहिए थे। इसको लेकर शहर में चर्चाओं का दौर जारी है।
सभा को संबोधित करते हुए प्रशिक्षु थानाधिकारी अंबिका चौधरी तथा सुलताना चौकी प्रभारी रवींद्र कुमार ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। बंद के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। दिनभर बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और आमजन ने शांतिपूर्ण तरीके से बंद को सफल बनाया।
चिड़ावा में हुए इस ऐतिहासिक बंद को शहर के हाल के वर्षों के सबसे बड़े सामाजिक विरोध प्रदर्शनों में से एक माना जा रहा है, जिसने मामले को लेकर लोगों की नाराजगी और न्याय की मांग को स्पष्ट रूप से सामने ला दिया है।
भाजपा के विधायक प्रत्याशी राजेश दहिया ने कहा कि चिड़ावा वीडियो कांड ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी घटना करने का साहस न कर सके। दहिया ने कहा कि चिड़ावा बंद में सर्व समाज और व्यापारियों की एकजुटता समाज की जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने प्रशासन से मामले की त्वरित जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। साथ ही कहा कि न्याय मिलने तक समाज की आवाज बुलंद रहनी चाहिए।



