बुहाना-पचेरी मार्ग पर दर्दनाक हादसा: बीएसएफ जवान की जान गई, दो बेटे घायल
भीम प्रज्ञा न्यूज. पचेरी। बुहाना-पचेरी मार्ग पर शिवसिंहपुरा मोड़ के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बीएसएफ जवान विनोद कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके दोनों बेटे घायल हो गए। हादसे के बाद तीनों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से बुहाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनूं रेफर किया गया। उपचार के दौरान बीएसएफ जवान विनोद कुमार ने दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार जयसिंहपुरा निवासी विनोद कुमार अपने दो पुत्रों देव (18 वर्ष) और दक्ष (13 वर्ष) के साथ बाइक पर सवार होकर पचेरी की ओर से बुहाना आ रहे थे।
इसी दौरान बुहाना से पचेरी की ओर जा रही एक इक्को गाड़ी से उनकी बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पचेरी कलां पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। सूचना पर पहुंची 108 एम्बुलेंस ने घायलों को तत्काल बुहाना सीएचसी पहुंचाया। बाद में उन्हें झुंझुनूं रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान विनोद कुमार की मृत्यु हो गई। मृतक विनोद कुमार भारतीय सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में जवान थे और करीब 22 वर्ष पूर्व बीएसएफ में भर्ती हुए थे। उनके पिता कर्ण सिंह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में उनकी पत्नी मनीषा, माता सावित्री देवी तथा दो पुत्र देव और दक्ष हैं। जवान की असामयिक मृत्यु की खबर से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
