रमेशचंद्र
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना।
नीमराना उपखंड के शाहजहांपुर मे एएलपी कंपनी परिसर में शनिवार शाम को यातायात सुरक्षा अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य कंपनी कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों तथा साइबर फ्रॉड से बचाव के प्रति जागरूक करना रहा। नीमराना डीएसपी चारुल गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक के दौरान कर्मचारियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित यात्रा के उपायों और यातायात नियमों के पालन के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही साइबर अपराधों से बचने के लिए सतर्कता बरतने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की भी जानकारी दी गई। बैठक में नीमराना के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश खिंची, नीमराना डीएसपी चारुल गुप्ता, शाहजहांपुर थानाधिकारी प्रकिता सिंह, कांस्टेबल रामसिंह गुर्जर सहित एएलपी कंपनी के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कर्मचारियों को हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन के आवश्यक कागजात पूरे रखने तथा जिम्मेदार वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन न केवल स्वयं की सुरक्षा के लिए जरूरी है, बल्कि यह दूसरों की जान बचाने में भी अहम भूमिका निभाता है। बैठक के अंत में कर्मचारियों से अपील की गई कि वे सुरक्षित, सतर्क और जिम्मेदार नागरिक बनते हुए यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
