सुरेन्द्र सिंह हरसोलिया
भीम प्रज्ञा न्यूज.जयपुर/चौमूं।
सेंटर फॉर पब्लिक अवेयरनेस एंड इनफॉरमेशन के डायरेक्टर आचार्य सत्यनारायण पाटोदिया ने बताया कि वह एक देशव्यापी आंदोलन की शुरुआत आज से कर रहे हैं और हमारे देश से लिव इन रिलेशनशिप की कानूनी मान्यता को समाप्त करने के लिए यह आंदोलन प्रारंभ किया है। भारत की सांस्कृतिक गरिमा, सनातन धर्म और कन्याओं की रक्षा के लिए भारत की जनता से उन्होंने आह्वान किया है कि लिव इन रिलेशनशिप की कानूनी मान्यता को समाप्त करने के लिए एक कानून बनाने की प्रार्थना हमारे देश के प्रधानमंत्री से करें। हमारे देश में विवाह व्यवस्था की गरिमा बनाए रखने के लिए यह अत्यंत आवश्यक है अन्यथा भारत का विश्व गुरु बनने का सपना चकनाचूर हो जाएगा। नैतिक शिक्षाविद, आध्यात्मिक चिंतक, प्रेरक एवं मार्गदर्शक आचार्य सत्यनारायण पाटोदिया ने यह भी बताया कि यह राष्ट्रव्यापी आंदोलन करने का विचार उनके मन में विपश्यना ध्यान समाधि की गहरी अवस्था में भगवान ने आदेश प्रदान करके दिया है। इसलिए भारतवर्ष की सामाजिक व्यवस्था को छिन्न भिन्न करने वाला यह कानून जो कुछ वर्ष पहले ही अस्तित्व में आया है, उसको निरस्त करवाया जाए। लिव इन रिलेशनशिप के कारण भारत में विवाह व्यवस्था और समाज व्यवस्था पतनोन्मुखी हो रही है। यह तो तीन तलाक से भी अधिक भयानक महामारी है, जो हमारे देश में कानूनी संरक्षण में फैल रही है। इस जहरीले पौधे को यदि इस समय नहीं उखाड़ा जाएगा तो यह कांटेदार बबूल की तरह सारे देश में फैल जाएगा और तब हमारे विनाश से हमें कोई नहीं रोक सकेगा।
