भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा। चिड़ावा के कपड़ा बाजार में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रही महिलाओं के एक शातिर गिरोह पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह महिलाओं को हिरासत में लिया है। यह गैंग ग्राहकों के रूप में दुकान में घुसकर महंगी साड़ियां चुराता था। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर खेतड़ी रोड स्थित दिलखुश होटल के सामने बनी ‘राजपूती परिधान’ नामक दुकान पर 5 से 6 महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंचीं। ये महिलाएं लगभग आधे घंटे तक दुकानदार को अलग-अलग साड़ियों की मांग और बातचीत में उलझाती रहीं। इसी दौरान, उन्होंने मौका पाकर कई महंगी साड़ियों को अन्य कपड़ों के बीच छिपाया और चुपचाप दुकान से निकल गईं। दुकानदार को कुछ देर बाद शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने तुरंत सीसीटीवी फुटेज चेक किए। फुटेज में पूरा घटनाक्रम स्पष्ट रूप से दिखाई दिया, जिसमें महिलाएं एक-दूसरे को इशारे कर चोरी की वारदात को अंजाम दे रही थीं। चोरी की पुष्टि होते ही, दुकानदार ने तत्काल बाजार में महिलाओं की तलाश शुरू की। ये संदिग्ध महिलाएं शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में घूमती हुई मिलीं। दुकानदार ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी महिलाओं को हिरासत में लिया और उन्हें पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह महिलाएं हरियाणा क्षेत्र की बताई जा रही हैं। फिलहाल, पुलिस हिरासत में ली गई महिलाओं से गहन पूछताछ कर रही है और चोरी की गई सभी साड़ियों की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना ने स्थानीय कपड़ा व्यापारियों के बीच चिंता बढ़ा दी है।
