रमेशचंद्र
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना।
नीमराना, पंजाब नेशनल बैंक कृषक प्रशिक्षण केंद्र, नीमराना में किसान मेला एवं कृषि आउटरीच प्रोग्राम-2025 का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 450 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को नवीन कृषि तकनीक, उन्नत बीज, खाद, पशु आहार एवं स्वरोजगार से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने हेतु कुल 14 स्टॉल लगाए गए। इनमें कैटल फीड, उर्वरक, कीटनाशक, आरसेटी, बाजार आधारित केस-स्टडी आदि प्रमुख रूप से शामिल रहें। कार्यक्रम में किसान दिवस के अवसर पर “एक सम्मान – अन्नदाता का” अंतर्गत प्रगतिशील एवं नवाचार करने वाले किसानों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित किसानों में बाबूलाल शर्मा, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट एवं जैविक खेती, सुनील कुमार, बागवानी, गुरु दयाल, सब्जी उत्पादन, बनवारी लाल, मास्टर फार्मर, सूत्रण सिंह, मास्टर फार्मर, रामचंद्र स्वामी, विदेशी फल एवं सब्जी उत्पादन, देवेंद्र कुमार, सब्जी उत्पादन, मोहित यादव, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट, रामेश्वर, बेल वाली सब्जी उत्पादन, हवा सिंह, सब्जी बीज उत्पादन, सूरजभान, मशरूम कल्टीवेशन, निशा राणा, सिलाई, नवीन कुमार, पंकज कुमार शामिल थे। कार्यक्रम में कोटपूतली-बहरोड़ एवं खैरथल-तिजारा क्षेत्र की पंजाब नेशनल बैंक की लगभग 22 शाखाओं ने सहभागिता की। इस अवसर पर किसानों को किसान दिवस से पूर्व कृषि ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। पीएनबी रक्षक योजना के अंतर्गत शहीद के पिता राम अवतार चौधरी को 50 लाख रुपए की निशुल्क बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत संतरा देवी (शाखा हरसोरा) को 2,00,000 का बीमा दावा चैक सौंपा गया। साथ ही स्वयं सहायता समूहों को भी ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महेंद्र सिंह यादव, एसडीएम नीमराना, श्वेतांक कुमार, मंडल प्रमुख, पीएनबी अलवर, दीपक जाखड़, डीडीएम, नाबार्ड, राकेश कुमार यादव, सहायक निदेशक कृषि, मोहनलाल मीणा, अग्रणी जिला प्रबंधक, प्रिंस सक्सेना, बीपीएम, राजीविका नीमराना ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। केंद्र के निदेशक रंजीत कुमार यादव ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी किसान मेला आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज-खाद की जानकारी प्रदान करना एवं उन्हें आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में सभी सहभागियों के लिए भोजन की समुचित व्यवस्था की गई। अंत में सभी किसानों को किसान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की गई।
