पिलानी ईओ सुनील कुमार सैनी को मिला अतिरिक्त प्रभार
भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा। राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग ने एक बड़ा प्रशासनिक निर्णय लेते हुए चिड़ावा नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी एपीओ कर दिया है। विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, चिड़ावा में कार्यरत अधिशाषी अधिकारी-तृतीय रोहित कुमार मील को प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए तुरंत प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है। आदेश के तहत रोहित कुमार मील का मुख्यालय अब निदेशालय (जयपुर) कर दिया गया है। उन्हें ‘आदेशों की प्रतीक्षा’ (APO) में रखते हुए निर्देशित किया गया है कि वे अविलम्ब जयपुर स्थित निदेशालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं।चिड़ावा नगर पालिका में कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था भी तुरंत लागू कर दी है। अब विद्याविहार नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी सुनील कुमार सैनी चिड़ावा नगर पालिका का कामकाज संभालेंगे। राजस्व अधिकारी-द्वितीय सुनील कुमार सैनी अपने वर्तमान पद के साथ-साथ चिड़ावा के अधिशाषी अधिकारी पद का अतिरिक्त कार्यभार भी अग्रिम आदेशों तक देखेंगे। यह आदेश स्वायत्त शासन विभाग, राजस्थान के कार्मिक अनुभाग द्वारा जारी किया गया है। स्थानीय राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में इस अचानक हुए बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
