कहा—समाधान शिविर आमजन को त्वरित और पारदर्शी न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना।
उपमंडलाधीश (एसडीएम) आकाश शर्मा ने कहा कि आमजन की समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर प्रशासन और नागरिकों के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य कर रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को अपनी शिकायतें सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है तथा शिकायतों का शीघ्र, पारदर्शी और संतोषजनक निवारण सुनिश्चित किया जा रहा है।एसडीएम आकाश शर्मा वीरवार को लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में आयोजित समाधान शिविर में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने बिजली, पानी, राजस्व, पुलिस, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, नगर पालिका एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं रखीं। एसडीएम ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक उत्तरदायी, संवेदनशील और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि आमजन को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों के निपटारे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में समाधान सुनिश्चित किया जाए। एसडीएम आकाश शर्मा ने बताया कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सप्ताह सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहते हैं, जिससे आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सके। इस अवसर पर डीएसपी उमेद सिंह, एसडीओ मुकेश मेहला, जिला सामाजिक शिक्षा एवं परियोजना अधिकारी (एसईपीओ) माया गोदारा, अधीक्षक मुकेश कुमार, टैक्स इंस्पेक्टर बलजीत शर्मा, सुपरवाइजर कर्मजीत कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।
