रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना। हेड कांस्टेबल से असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) पद पर पदोन्नत हुए शमशेर सिंह को डीएसपी उमेद सिंह ने वीरवार को अपने कार्यालय में सम्मानित किया। डीएसपी ने स्वयं उनके कंधों पर पदोन्नति का बैज लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।डीएसपी उमेद सिंह ने कहा कि शमशेर सिंह अपनी सेवाकाल के दौरान ईमानदारी, तत्परता और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते आए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग को ऐसे कर्मठ और जिम्मेदार कर्मचारियों पर गर्व है, जो हर परिस्थिति में जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अग्रणी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि एएसआई शमशेर सिंह आगे भी अपनी लगन और प्रतिबद्धता से पुलिस विभाग का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पदोन्नति केवल पद में वृद्धि नहीं, बल्कि कार्य के प्रति समर्पण, व्यवहारिक दक्षता और निरंतर श्रेष्ठ प्रदर्शन का परिणाम होती है। यह अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है कि निरंतर मेहनत और निष्ठा से कार्य करने पर योग्यतानुसार सम्मान और अवसर अवश्य मिलते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने शमशेर सिंह को बधाई दी और नई जिम्मेदारी को और अधिक मजबूती से काम करने की उम्मीद जताई।
