भीम प्रज्ञा न्यूज़.लक्ष्मणगढ़। स्थानीय श्री भगवानदास तोदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार से तीन दिवसीय अंतर्सदन खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. एन. एस. नाथावत, प्रशासक प्रमेंद्र सिंह शेखावत एवं सचिव आशकरण शर्मा द्वारा खेल -ध्वजारोहण व राष्ट्रगान के साथ किया गया।प्राचार्य डॉ. एन. एस. नाथावत ने स्वागत भाषण में खिलाड़ियो को अनुशासन के साथ साथ खेल को खेल भावना से खेलने और स्वस्थ शरीर एवं मानसिक विकास के लिए अपने जीवन में किसी एक खेल को शामिल करने हेतु प्रेरित किया।जबकि प्रशासक प्रमेंद्र सिंह शेखावत ने अपने खेल से संबंधित अनुभव साझा किए एवं खिलाड़ियों को निरंतर प्रयास करते रहने तथा उत्साहपूर्वक खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने हेतु शुभकामनाएं दी। महाविद्यालय सचिव आशकरण शर्मा ने भी जीवन में खेल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। श्री पंकज शर्मा द्वारा खिलाड़ियों को खेल की शपथ दिलाई, जिसके पश्चात विधिवत रूप से आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के दौरान प्रथम दिन छात्रा वर्ग में आयोजित खो -खो प्रतियोगिता में कल्पना चावला सदन की टीम विजेता तथा सरोजनी नायडू सदन की टीम उपविजेता रही। जबकि छात्र वर्ग में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में गांधी सदन विजेता तथा रमन सदन की टीम उपविजेता रही।खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन शारीरिक शिक्षक लिछमण सिंह, सुरेन्द्र सिंह एवं स्टाफ सदस्य पंकज शर्मा के सहयोग से किया गया जिसमें समस्त स्टाफ सदस्यों ने भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस दौरान खिलाड़ियों के साथ साथ भारी संख्या में मौजूद विद्यार्थियों ने खेल प्रतियोगिताओं का लुत्फ उठाया एवं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ आनन्द शर्मा के द्वारा किया गया। प्राचार्य ने बताया कि शेष गतिविधियों का आयोजन आगामी दो दिनों में पूर्ण होने के पश्चात खेल के अंतिम दिन पुरुस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।
