-सीजेएम गायत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर दिए जरूरी निर्देश
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद। हरियाणा राज्य विधिक सेवाएं प्राधिकरण के निर्देश पर जिला फतेहाबाद में नशा मुक्त हरियाणा मिशन को गति देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया है। यह विशेष अभियान 7 दिसंबर, 2025 से 7 जनवरी, 2026 तक जारी रहेगा। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव गायत्री ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष दीपक अग्रवाल के मार्गदर्शन में इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य लक्ष्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशे के खतरों, इसके दीर्घकालिक दुष्प्रभावों और एनडीपीएस अधिनियम के कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को पुन: मुख्यधारा से जोडऩे के लिए जिले में उपलब्ध पुनर्वास सेवाओं की जानकारी भी व्यापक स्तर पर प्रदान की जाएगी। समाज को प्रेरित करने के लिए उन नागरिकों की सकारात्मक कहानियां भी लोगों तक पहुंचाई जाएंगी जिन्होंने नशा छोडक़र एक नई शुरुआत की है। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा गांवों, विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता शिविरों का विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसी क्रम में रैलियों, प्रतियोगिताओं तथा कानूनी साक्षरता सत्रों का आयोजन भी किया जाएगा। सीजेएम गायत्री ने बैठक में उपस्थित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नशा मुक्ति हरियाणा अभियान को सफल बनाने हेतु अधिकतम सहयोग सुनिश्चित करें तथा सामाजिक संस्थाओं और पंचायतों को भी इस अभियान से जोडक़र इसे सशक्त जन आंदोलन का रूप देने में योगदान करें। बैठक में डीडीपीओ अनूप सिंह, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के उप निदेशक अमित पंवार, जिला औषधि नियंत्रक दिनेश कुमार, एएसआई अमरजीत सिंह, नशा मुक्ति टीम इंचार्ज उपनिरीक्षक सुंदरलाल, जिला लीगल लिटरेसी क्लब कोऑर्डिनेटर विनोद कुमार आदि अधिकारी उपस्थित रहें।
