रमेशचंद्र
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI) अलवर द्वारा संचालित 14 दिवसीय सॉफ्ट टॉयज बनाने का प्रशिक्षण कार्यक्रम आज कृषक प्रशिक्षण केंद्र, नीमराना में प्रारंभ किया गया। इस प्रशिक्षण में बेलनी गाँव की 35 महिलाओं का बैच शामिल हुआ है, जिन्हें स्वरोजगार उन्मुख कौशल प्रदान करने हेतु सॉफ्ट टॉय निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत सभी प्रशिक्षणार्थियों को निशुल्क प्रशिक्षण, साथ ही निःशुल्क चाय-नाश्ता एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। शुभारंभ समारोह में अग्रणी जिला प्रबंधक मोहनलाल मीणा, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड दीपक जाखड़, कृषक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक रंजीत कुमार यादव, एवं RSETI अलवर के निदेशक जे.पी. मीणा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वयन जयप्रकाश सिंघल द्वारा किया गया, जिन्होंने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर कृषि विशेषज्ञ हरिकृष्ण, प्रभात, मनजीत सिंह आदि गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।
