CBEO वेद प्रकाश रांगेय ने साक्षरता के साथ साइबर सुरक्षा पर जागरूक होने का दिया संदेश
भीम प्रज्ञा न्यूज़.पचेरी। शनिवार को स्वतंत्रता सेनानी पं. ताड़केश्वर शर्मा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पचेरी बड़ी के प्रांगण में नवभारत साक्षरता मिशन ब्लॉक बुहाना के तत्वावधान में एक प्रेरणादायक सांस्कृतिक नुक्कड़ नाटक एवं कठपुतली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वेद प्रकाश रांगेय, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) बुहाना रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप मे सुमित्रा आर्य और राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पचेरी कला के प्रधानाचार्य प्रकाश चंद उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीपाल यादव ने की।ब्लॉक कोऑर्डिनेटर अरविंद मान ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना था। कठपुतली कलाकार सुरेंद्र भट्ट और उनकी टीम द्वारा अपनी कला के माध्यम से समाज को प्रभावित करने वाले महत्वपूर्ण मुद्दों जैसे बाल विवाह, नशा मुक्ति और पर्यावरण प्रदूषण से बचाव के लिए संदेश दिया गया। कलाकारों ने ‘शिक्षित भारत विकसित भारत’ के उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न शिक्षाप्रद एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी वेद प्रकाश रांगेय ने अपने संदेश के माध्यम से नवभारत साक्षरता मिशन के व्यापक लक्ष्यों पर प्रकाश डाला।उन्होंने बताया कि इस मिशन के माध्यम से न केवल बुनियादी साक्षरता और संख्या ज्ञान, बल्कि वित्तीय साक्षरता, विधिक साक्षरता और वर्तमान समय की आवश्यकता साइबर सुरक्षा के प्रति भी आमजन को जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन वरिष्ठ अध्यापक भूप सिंह ने किया। बालिका विद्यालय साक्षरता प्रभारी डॉक्टर हरद्वारी लाल ने सभी आगंतुकों, शिक्षकों और ग्रामीणों का अभिनंदन एवं स्वागत किया। इस अवसर पर नोडल अधीनस्थ विद्यालयों के विद्यार्थी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, नव साक्षर स्वयंसेवक एवं अनेक ग्रामीण जन उपस्थित रहें।
