
भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा। स्थानीय एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से इंटर हाउस खेलकूद प्रतियोगिताओं और तुलसी पूजन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। सप्ताह भर चले इन कार्यक्रमों में खेल और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। प्रतियोगिता के पहले दिन कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए वेट लिफ्टिंग एवं पावर लिफ्टिंग स्पर्धाएं हुईं। इसमें छात्रों ने डेडलिफ्ट, बेंच प्रेस और स्क्वाट जैसी गतिविधियों में अपनी शक्ति और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। आयोजन सचिव अरविंद दाधीच की निगरानी में संपन्न हुआ। इसके बाद दूसरे दिन कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो और एथलेटिक्स जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं। छोटे बच्चों (कक्षा 1 से 4) के लिए प्रधानाध्यापिका हेमलता के सहयोग से विशेष खेल गतिविधियां कराई गईं। विद्यालय प्रांगण में पूरे सप्ताह प्रार्थना सभा के दौरान तुलसी पूजन किया गया। तुलसी के पौधे को चुनरी ओढ़ाकर और दीपक प्रज्वलित कर सामूहिक पूजा- अर्चना की गई। विद्यार्थियों और स्टाफ ने भाषण, कविता और भजनों के जरिए तुलसी के धार्मिक, औषधीय एवं पर्यावरणीय महत्व को समझाया। आराधना मैडम द्वारा प्रस्तुत भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। संस्था निदेशक अनिल दाधीच, प्रबंध निदेशक लेफ्टिनेंट आर.डी. शर्मा (से.नि.) और प्रधानाचार्या निहारिका शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि तुलसी स्वास्थ्य और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक है, वहीं खेल बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए अनिवार्य हैं। कार्यक्रम के दौरान सचिव अरविंद दाधीच ने तुलसी को भारतीय संस्कृति का आधार बताया। इस दौरान समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहें।
