-बस स्टैंड पर मिले जरूरतमंद को रेडक्रॉस की ओर से दिया गया कंबल
रजत रंगा,
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद।ज्ञउपायुक्त डॉ. विवेक भारती के मार्गदर्शन में जिले में जरूरतमंद एवं बेघर लोगों को ठंड से बचाव हेतु रैन बसेरों में सभी सुविधाएं प्रदान की जा रही है। एसडीएम फतेहाबाद राजेश कुमार ने नए बस स्टैंड स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और ठंड से बचाव हेतु की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
एसडीएम ने मौके पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि रैन बसेरे में आने वाले लोगों को गर्म बिस्तर, कंबल, स्वच्छ वातावरण व सुरक्षित ठहराव की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ठंड का यह मौसम जरूरतमंदों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है, इसलिए प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे रैन बसेरों का उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति खुले में रात बिताने को मजबूर न हो। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड फतेहाबाद पर एक जरूरतमंद व्यक्ति मिला, जिसे रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से कंबल प्रदान किया गया। एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रात के समय बस स्टैंड, मुख्य बाज़ार, रेलवे स्टेशन एवं प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें रैन बसेरों तक पहुंचाया जा सके। एसडीएम राजेश कुमार ने जीटी रोड क्षेत्र में भी निरीक्षण किया तथा मौके पर अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति ठंड में परेशान न रहे। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह संवेदनशील है और आमजन से भी अपील की कि ऐसे किसी भी बेघर या जरूरतमंद व्यक्ति की सूचना तुरंत नगर परिषद या प्रशासन को दें, ताकि उन्हें सुरक्षित ठहराव उपलब्ध कराया जा सके। इस अवसर पर रेडक्रॉस सचिव रामजीलाल, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक अमित पंवार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
