स्कूल, गांव ,जिले व अभिभावकों के लिए सम्मान के क्षण -डायरेक्टर विजय सिंह बाघेला
विजय रंगा (ब्यूरो चीफ)
भीम प्रज्ञा न्यूज़.फतेहाबाद।
शिक्षा मानव जीवन का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। यह केवल अक्षर ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यक्तित्व, चरित्र, विचार और व्यवहार का विकास भी करती है। शिक्षा वह शक्ति है जो समाज को दिशा देती है और राष्ट्र को मजबूत बनाती है। जिस देश में शिक्षा का स्तर ऊँचा होता है, वह देश उतना ही अधिक विकसित और सशक्त होता है। यह बात शांति निकेतन स्कूल के प्रधानाचार्य रणसिंह रेपस्वाल व डायरेक्टर विजय सिंह बाघेला ने भारतीय सेना में चयनित स्कूली छात्रों के सम्मान समारोह के दौरान कही। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान चयनित छात्रों व उनके अभिभावकों को फूल माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया गया और छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की गई। उन्होंने बताया कि यह सफलता विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और छात्रों की निरंतर मेहनत का ही परिणाम है, जिस कारण आज विद्यालय के 3 छात्रों का चयन भारतीय सेना में हुआ है और ऐसे छात्र दूसरों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बनते हैं व विद्यालय की प्रतिष्ठा को और ऊँचाइयों तक पहुँचाते हैं। उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित सीईटी परीक्षा में भी हमारे विद्यालय के जिन बच्चों ने फॉर्म भरे थे, वे सभी अच्छे नंबरों से पास हुए है, जो कि बडे़ ही गौरव का विषय है। इस अवसर पर अभिभावकों ने स्कूल के प्रधानाचार्य रणसिंह रेपस्वाल व डायरेक्टर विजय सिंह बाघेला का मिठाई खिलाकर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि स्कूली शिक्षा सभी के जीवन में एक महान भूमिका निभाती है। जीवन में आगे बढ़ने, अच्छी नौकरी व अच्छा पद पाने के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है। उन्होंने बताया कि यह हमारे स्कूल, गांव व क्षेत्र के लोगों के लिए बड़े ही हर्षोल्लास का विषय है कि हमारे विद्यालय के बच्चों का इतने अच्छे पद पर चयन हुआ है। उन्होंने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए क्षेत्र के सभी लोगों को विश्वास दिलाया कि हम भविष्य में भी बच्चों को इससे बेहतर प्लेटफार्म उपलब्ध करवाएंगे।
