सोहनलाल परिहार
भीम प्रज्ञा न्यूज़.बीकानेर। खारा ग्राम पंचायत के निवासियों ने क्षेत्र में वायु प्रदूषण के विकराल रूप को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है और इस संबंध में जिला कलेक्टर महोदय को एक शिकायत पत्र भेजा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रदूषण ने गाँव और आस-पास के पर्यावरण को बुरी तरह से प्रभावित किया है, जिससे लोगों और जीव-जंतुओं के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।शिकायत पत्र के अनुसार, प्रदूषण का मुख्य कारण आर.एस.पी.सी.बी. जोधपुर नियम विरुद्ध आवासीय क्षेत्र के पास स्थित मिनरल जॉन है। यह ज़ोन ग्राम पंचायत खारा की आबादी से मात्र 100 मीटर की दूरी पर है।ग्रामीणों का कहना है कि यहाँ से उड़ने वाली धूल और एल.पी.जी. गैस का रिसाव आसपास की वनस्पति, जीव-जंतु, और इमारतों को नुकसान पहुँचा रहा है। शिक्षा पर असर: मिनरल ज़ोन के निकट स्थित सेकेंडरी स्कूल एवं स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति भी अत्यंत भयावह है। स्कूल के बच्चों, मरीज़ों और पशु-पक्षियों पर इसका सीधा दुष्प्रभाव पड़ रहा है।
अवैध गतिविधियाँ: पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि औद्योगिक इकाइयों का निर्माण भी प्रदूषण नियंत्रण के नियमों का पालन नहीं कर रहा है। इसके अलावा, प्रतिबंधित पैराली (फसल अवशेष) जैसी चीज़ें भी धड़ल्ले से जलाई जा रही हैं, और कई फैक्टरियाँ अत्यधिक प्रदूषण फैला रही हैं, जिसका खामियाज़ा खाड़ा और आस-पास के गाँवों को भुगतना पड़ रहा है।
प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग
ग्रामवासियों ने प्रशासन से इस गंभीर समस्या को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है। उनकी प्रमुख माँगें खारा स्थित मिनरल ज़ोन को कहीं अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। समस्त औद्योगिक इकाइयों को प्रदूषण नहीं फैलाने के लिए पाबंद किया जाए। ग्रामीणों ने पत्र के अंत में प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि उनकी सुनवाई नहीं होती है तो वे आगामी सोमवार से अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे। इसके बावजूद अगर कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो वे आगामी दिनों में समस्त ग्रामवासी खाड़ा से समस्त ज़ोन-माल लेकर ज़िला कलेक्टर पर धरना देंगे। यह शिकायत पत्र ग्रामवासियों और प्रदूषण हटाओ, खारा बचाओ संघर्ष समिति की ओर से जिला कलेक्टर को प्रेषित किया गया है।
