भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा। स्वर्गीय बंशीधर भांबू की 14वीं पुण्य स्मृति में उनके परिवार द्वारा सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश की गई है। बंशीधर भांबू की पत्नी रामप्यारी देवी की प्रेरणा से उनके पुत्र एडवोकेट उमेद सिंह भांबू एवं मंड्रेला तहसीलदार सनी भांबू ने शहीद जयसिंह भांबू राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक हॉल एवं टीनशेड का निर्माण करवाकर विद्यालय को भेंट किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झुंझुनू विधायक राजेंद्र भांबू ने नवनिर्मित हॉल का उद्घाटन किया। इस भावुक अवसर पर विधायक ने कहा, “मैं स्वयं इसी विद्यालय का छात्र रहा हूँ, यहाँ आकर मेरी बचपन की यादें ताजा हो गई हैं।” उन्होंने स्वर्गीय बंशीधर भांबू के साथ बिताए समय को याद करते हुए उन्हें नेक दिल और सज्जन व्यक्ति बताया। विधायक ने रामप्यारी देवी का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने अपने पुत्रों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित कर अपने पति का नाम अमर कर दिया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपखंड अधिकारी (SDM) नरेश सोनी ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व सरपंच नागरमल, सरपंच प्रतिनिधि अजीत, डॉ. संदीप पचार, डॉ. इकराज अहमद, डॉ. विकास धूपिया, एडवोकेट अनुज धूपिया, नगरपालिका के वरिष्ठ लिपिक संजय कुमार और सूबेदार मेजर धर्मपाल सिंह भांबू सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन रिटायर्ड मेजर धर्मपाल भांबू ने किया।
विधायक भांबू ने भामाशाह उमेद सिंह और सनी भांबू को साफा पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे भी गांव के विकास और शिक्षा के क्षेत्र में इसी प्रकार के नवाचारों के लिए आगे आएं। परिवार की ओर से विधायक और अन्य अतिथियों का माल्यार्पण कर और शाल भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर शांति देवी, रामा देवी, बबीता, कविता, विनोद, रीतू, पिंकी सहित भांबू परिवार के सदस्य और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विद्यालय विकास में दिए गए इस योगदान की मुक्त कंठ से सराहना की।
