भैंस चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो पिकअप जप्त
गुढ़ागौड़जी पुलिस की कार्रवाई—पशुधन चोरी पर सख्ती का संदेश
भीम प्रज्ञा न्यूज़ गुढ़ागौड़जी।
पुलिस थाना गुढ़ागौड़जी ने नेवरी नदी क्षेत्र से भैंस चोरी करने के मामले में आरोपी रणवीर मीणा (19) निवासी ढाणी शेरावाली तन नेवरी को गिरफ्तार कर लिया। घटना में उपयोग की गई बोलेरो पिकअप भी पुलिस ने जप्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय (IPS) के निर्देशन, एएसपी मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत (RPS) के मार्गदर्शन और वृताधिकारी नवलगढ़ महावीर सिंह (RPS) के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की।
घटना का संक्षिप्त विवरण
परिवादी विजेन्द्र मीणा ने रिपोर्ट में बताया कि 23 अक्टूबर को उसकी भैंस नेवरी नदी के पास चर रही थी, तभी चोरी हो गई। खोजबीन में पता चला कि भैंस को जयपुर पशु हटवाड़ा मेले में ले जाकर बांधा गया था। परिवादी ने मौके से भैंस बरामद की और आरोपी सुमित मीणा सहित अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने चोरी में शामिल सहयोगी आरोपी रणवीर को चंवरा से पकड़कर गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पिकअप वाहन भी बरामद किया गया है।
पुलिस की गठित टीम थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन, कांस्टेबल सुनील कुमार, महावीर प्रसाद, संजय, विकास कुमार ने कार्रवाई की। पुलिस ने कहा है कि पशुधन ग्रामीण परिवारों की आजीविका का आधार है, ऐसे अपराध समाज और किसान हितों के लिए गंभीर खतरा हैं। चोरी जैसे कृत्यों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
