मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.मंडावर। राजकीय सीनियर उच्च माध्यमिक विद्यालय मंडावर (पेच स्कूल) के खेल मैदान पर हो रहे अवैध पक्के निर्माण ने रविवार को पूरे क्षेत्र का माहौल गर्म कर दिया, जब विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामगोपाल सोनी ने मंडावर थाने में औपचारिक शिकायत देकर कराकर पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। शिकायत में उन्होंने स्पष्ट आरोप लगाया कि विद्यालय के खेल मैदान के एक हिस्से पर प्रेमदेवी कुण्डारा का परिवार वर्षों से एक क्वार्टर में अतिक्रमणकर रह रहा है और अब बिना किसी सरकारी स्वीकृति, अनुमति या कानूनी प्रक्रिया के वहाँ पक्का निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है, जो न केवल अवैध है बल्कि सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग और विद्यालय की संरचना से खिलवाड़ का सीधा मामला है। प्रधानाध्यापक ने शिकायत में यह भी उल्लेखित किया कि खेल मैदान विद्यार्थियों की शारीरिक शिक्षा, खेल गतिविधियों और विद्यालय की दैनिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में अवैध निर्माण कार्य न केवल विद्यालय प्रशासन के अधिकार क्षेत्र का उल्लंघन है बल्कि सैकड़ों विद्यार्थियों के हितों, खेल सुविधाओं और शिक्षा के वातावरण को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो खेल मैदान का मूल स्वरूप बिगड़ जाएगा और भविष्य में विद्यार्थियों की गतिविधियां भी बाधित होंगी।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत प्रतियां मंडावर तहसीलदार, एसडीएम महुवा, नगरपालिका कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी, सीबीईओ महवा, डीईओ दौसा, संभागीय आयुक्त जयपुर और क्षेत्रीय विधायक राजेन्द्र मीना को भी भेजी जायेगी, ताकि उच्च प्रशासनिक स्तर पर हस्तक्षेप सुनिश्चित हो सके और खेल मैदान को अवैध कब्ज़े से संरक्षित किया जा सके। शिकायत प्राप्त होते ही मंडावर थाना पुलिस सक्रिय हुई मौके पर पहुंची, जहां तत्काल प्रभाव से चल रहा पक्का निर्माण कार्य रुकवा दिया गया। थानाधिकारी ने बताया कि शिकायत में वर्णित तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की गई है।
