भीम प्रज्ञा न्यूज़.झुंझुनूं। प्रवासी राजस्थान दिवस–2025 के अवसर पर बुधवार को जयपुर के जेईसीसी में आयोजित राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने शिरकत कर जिले के औद्योगिक हितों को मजबूती से आगे बढ़ाया। समिट में विधायक भांबू ने झुंझुनूं जिले के उद्योगपतियों एवं उद्यमियों व निवेशकों से मुलाकात कर उन्हें उद्योग स्थापना, विस्तार एवं जिला स्तर पर मिलने वाली सुविधाओं संबंधी यथा संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने निवेशकों को झुंझुनूं में उपलब्ध संसाधन, औद्योगिक संभावनाएं और प्रशासनिक पारदर्शिता के बारे में अवगत कराया। कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव तथा केंद्रीय जल शक्ति मंत्री एस. आर. पाटिल की मौजूदगी में किया गया। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में देश–विदेश के प्रमुख उद्योगपति, नीति निर्धारक और प्रतिनिधि शामिल हुए तथा राजस्थान में निवेश की नई संभावनाओं पर विस्तृत चर्चाएं हुईं। झुंझुनूं के लिए इस समिट को उद्योग व रोजगार के नए अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
