रमेशचंद्र
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना। नीमराना क्षेत्र के दूघेड़ा स्थित राठ इंटरनेशनल स्कूल में मेधावी विद्यार्थियों के लिए आयोजित स्कॉलरशिप कम ऐडमिशन टेस्ट परीक्षा में रिकॉर्ड 10,755 विद्यार्थियों ने भाग लिया। यह परीक्षा रविवार, 14 दिसंबर को राठ इंटरनेशनल ग्रुप ऑफ स्कूल के तत्वावधान में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। विद्यालय के चेयरमैन बलवान सिंह यादव ने बताया कि इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी मेधावी विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसरों से वंचित न रहे। इसी सोच के तहत स्कॉलरशिप कम ऐडमिशन टेस्ट आयोजित किया गया, जिसके आधार पर चयनित विद्यार्थियों को आगामी शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए 100 प्रतिशत तक ट्यूशन फीस में स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी। इस परीक्षा में वर्तमान में कक्षा 1 से 11 तक अध्ययनरत विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और प्रतिभा को परखने के साथ-साथ उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहयोग पाने का सुनहरा अवसर मिला। विद्यालय प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई कि परीक्षा का परिणाम 15 दिसंबर 2025 को घोषित किया जाएगा। विद्यार्थी अपने परिणाम विद्यालय की वेबसाइट पर अथवा विद्यालय परिसर में जाकर देख सकेंगे। इस अवसर पर राठ इंटरनेशनल ग्रुप ऑफ स्कूल के चेयरमैन बलवान सिंह यादव के शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों और योगदान की सराहना की गई। वहीं, सेक्रेटरी नितेश यादव एवं डायरेक्टर शिवानी ने इस सफल आयोजन पर सभी अभिभावकों, प्रतिभागी विद्यार्थियों और शिक्षकगण का आभार व्यक्त किया। परीक्षा में शामिल विद्यार्थियों को सर्टिफिकेट एवं कैलेंडर प्रदान किए गए। विद्यालय प्रबंधन ने भरोसा दिलाया कि राठ इंटरनेशनल स्कूल भविष्य में भी होनहार विद्यार्थियों के लिए ऐसे अवसर निरंतर उपलब्ध कराता रहेगा।
