भीम प्रज्ञा न्यूज़.लक्ष्मणगढ़। सामाजिक कुरीतियों को दूर करने व कुप्रथाओं के खिलाफ समाज में मिसाल कायम करते हुए सीकर समर्थपुरा हाउस के चुनवाल परिवार ने अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है। परिवार ने मृत्यु भोज नहीं करने की अपनी परम्परा को जारी रखते हुए विभिन्न संस्थाओं को तीन लाख रुपए से अधिक का आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। यह जानकारी देते हुए सैनी समाज संस्था सीकर के अध्यक्ष राजकुमार दैया व महात्मा ज्योतिबा फुले शिक्षण संस्थान के सचिव डॉ ओपी सैनी ने बताया कि चुनवाल परिवार ने सामाजिक कुरीतियों को खत्म कर समाज में अद्वितीय व अतुलनीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि मोहनलाल समर्थपुरा के निधन पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत,पूर्व प्रदेश मंत्री अशोक भादरा सहित अनेक संस्थाओं ने शोक संदेश भेज कर अपनी जताई संवेदना। उन्होंने बताया शहर के सुप्रसिद्ध समर्थपुरा हाउस के चुनवाल परिवार के सदस्यों ने सामाजिक कुरीतियों को खत्म करने के लिए सैनी समाज में एक सराहनीय कार्य करते हुए मृत्यु भोज नहीं कर समाज के समक्ष एक अद्वितीय व अतुलनीय उदाहरण प्रस्तुत किया । समर्थपुरा परिवार ने मदनलाल समर्थपुरा एवं उनकी धर्मपत्नी के निधन पर भी अनेक संस्थाओं को आर्थिक सहयोग किया था ।सीकर नगर परिषद के इतिहास में पहली बार भाजपा सभापति परिवार के मुखिया वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय श्री मदन लाल जी चुनवाल समर्थपुरा के भाई श्री मोहनलाल जी के निधन पर उनके पुत्र अशोक सैनी ने मृत्यु भोज नहीं कर पिता की मृत्यु के बाद सोमवार को आयोजित पगड़ी रस्म अदायगी के दौरान करीब 3.25 लाख रुपए का अनेक संस्थाओं को आर्थिक सहयोग किया। उन्होंने बताया कि चुनवाल परिवार ने सैनी समाज संस्था लोसल में अढ़ाई लाख रुपए की लागत से कमरे का निर्माण हेतु आर्थिक सहयोग दिया जबकि 22 हजार रुपए महात्मा ज्योतिबा फुले शिक्षण संस्थान सीकर को 11 हजार रुपए करणी गोशाला, सीकर को, 11 हजार रुपए रेवासा गौशाला सीकर को ,11 हजार रुपए शिव गो- चिकित्सालय पीपली नगर सीकर को, 11 हजार रुपए नला का बालाजी के मंदिर को प्रदान किए। पगड़ी रस्म अदायगी के अवसर पर सैनी समाज के सैकड़ो गणमान्य लोग उपस्थित थे।
