रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना। बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फ़तेह सिंह सोसाइटी, टोहाना द्वारा आयोजित शहीदी दिवस के अवसर पर रविवार को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग श्रद्धा, सत्कार और गुरबाणी की दिव्य गूँज के बीच संपन्न हुए। इस समारोह में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने मुख्य रूप से शिरकत की और चारों साहिबज़ादों की अमर शहादत को कोटि-कोटि नमन किया। इस अवसर पर संगत को संबोधित करते हुए सांसद बराला ने कहा कि साहिबज़ादों का बलिदान त्याग, अदम्य साहस और धर्म की अटल निष्ठा का सर्वोच्च प्रतीक है, जो हर पीढ़ी को सत्य और राष्ट्र-धर्म के मार्ग पर दृढ़ रहने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने गुरु परंपरा की।महानता का स्मरण करते हुए कहा कि इतिहास की प्रामाणिक समझ ही राष्ट्र सेवा की प्रथम सीढ़ी है, और गुरु गोविंद सिंह जी के साहिबज़ादों की शहादत हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े रहने और धर्म-संस्कारों की रक्षा करने का मार्ग दिखाती है।
सांसद श्री बराला ने कहा कि।साहिबज़ादों की शहादत युगों-युगों तक हमारे लिए प्रकाशपुंज बनी रहेगी, जो हमें सत्य, धर्म और राष्ट्र-निर्माण के मार्ग पर मार्गदर्शन देती रहेगी। कार्यक्रम के दौरान सांसद ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के चरणों में माथा टेका, गुरु मर्यादा के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की तथा विश्व-कल्याण और सामाजिक एकता की अरदास में संगत के साथ सम्मिलित हुए। इसके पश्चात, उन्होंने लंगर प्रसाद की सेवा में स्वयं योगदान दिया, पंक्ति में संगत को प्रसाद परोसा और कहा कि लंगर की परंपरा मानवता, समानता और परस्पर भाईचारे का जीवंत दर्शन है, जो हमें समाज में प्रेम, सेवा और समर्पण का भाव मजबूत करने का संदेश देती है।
