भीम प्रज्ञा न्यूज़.झुंझुनूं। खिरोड़ निवासी सुनील कुमार, जो सुनील रेसर के नाम से प्रसिद्ध हैं, वर्ल्ड रिकॉर्ड एवं गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने के उद्देश्य से कश्मीर रवाना हुए। आवाम ग्रुप झुंझुनूं के सदस्यों ने उन्हें अंबेडकर पार्क से माल्यार्पण कर शुभकामनाओं के साथ रवाना किया। सुनील रेसर कश्मीर से कन्याकुमारी एवं कन्याकुमारी से सांगलिया धूणी तक लगभग 7,000 किलोमीटर की दूरी दौड़कर तय करेंगे। इससे पूर्व वे सांगलिया धूणी में महंत ओमदास महाराज का आशीर्वाद लेकर अंबेडकर पार्क झुंझुनूं पहुंचे, जहां आवाम ग्रुप द्वारा उनका स्वागत एवं सम्मान किया गया। महेश जसरापुर एवं सुभाष डिग्रवाल ने बताया कि सुनील इस लंबी दौड़ के माध्यम से देश का नाम रोशन करने का संकल्प लेकर निकले हैं। अंबेडकर पार्क पहुंचकर सुनील रेसर ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा एवं शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीदों को नमन किया। सुनील रेसर ने बताया कि यह दौड़ नशा मुक्ति, संविधान की जागरूकता एवं देश के वीर शहीदों के सम्मान के संदेश के साथ की जा रही है, जिसे वे लगभग चार माह में पूरा करने का लक्ष्य रखते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि कश्मीर से दौड़ का शुभारंभ 21 दिसंबर से किया जाएगा। इस अवसर पर आवाम ग्रुप के सदस्य गौरव सेनानी ओमप्रकाश भूरिया, डॉ. कमल मीणा, राजेश हरिपुरा, अनिल बेसरवाल, सीताराम बास बुडाना, प्रेमचंद बिशनपुरा, अजय वर्मा, संदीप टंडन, जितेंद्र गर्वा, अरविंद नरवारा (खेतड़ी) सहित सुनील रेसर की टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
