
मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.मंडावर। राज्य की भाजपा सरकार के सफलतम दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सुशासन पखवाड़ा के तहत विधानसभा क्षेत्र महवा में सुशासन के संकल्प को जन–जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित सुशासन रथ यात्रा सोमवार दोपहर मंडावर शहर पहुँची। रथ के नगर में प्रवेश के साथ ही पूरे क्षेत्र में उत्साह और जनभागीदारी का माहौल बन गया। इस यात्रा के साथ दौसा जिला प्रभारी शिवकुमार सैनी, विधानसभा संयोजक मिश्री देवी और सह–संयोजक योगेश शास्त्री मौजूद रहे, जिन्होंने मंडावर भाजपा मंडल क्षेत्र के धौलखेड़ा और नांगल सुमेरसिंह ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर सरपंचों के सानिध्य में रथ यात्रा का भव्य स्वागत कराया। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वागत कार्यक्रमों के पश्चात सुशासन रथ मंडावर शहर के मुख्य द्वार पर पहुँचा, जहाँ पहले से मौजूद भाजपा मंडल मंडावर के कार्यकर्ताओं के साथ उपखंड अधिकारी अमित वर्मा, तहसीलदार अक्षयप्रेम चेयरवाल और नगरपालिका कार्यवाहक ईओ प्रकाशचंद मीना ने रथ की अगुवाई की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से रथ का स्वागत करते हुए यात्रा में शामिल पदाधिकारियों का सम्मान किया और भाजपा जिंदाबाद के नारों के बीच रथ के पीछे चलते हुए जनसमर्थन का प्रदर्शन किया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत स्थानीय थाना पुलिस का वाहन रथ के आगे–आगे चलता रहा। इसके बाद सुशासन रथ गांधी चौक पहुँचा, जहाँ रथ के साथ आए प्रभारी पदाधिकारियों ने आमजन को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रशासनिक सुधारों की जानकारी साझा की। वक्ताओं ने कहा कि यह रथ केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और जनता से सीधे संवाद की उस यात्रा का प्रतीक है, जिसके माध्यम से सरकार की योजनाएँ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया है।
गांधी चौक के बाद रथ यात्रा सीएचसी मंडावर पहुँची, जहाँ चिकित्सा प्रभारी नरसीराम मीना की अगुवाई में आयोजित आरोग्य शिविर के दौरान भाजपा मंडल मंडावर की ओर से मरीजों और उनके परिजनों को फल वितरित किए गए। इसके पश्चात सुशासन रथ बनावड़, कोट और हल्देना पहुँचा, जहाँ ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर संबंधित सरपंचों के नेतृत्व में रथ यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। शाम हो जाने के कारण यात्रा को वहीं स्थगित किया गया, जो मंगलवार को गढ़हिम्मत सिंह, रिंदली और पाखर प्रथम होते हुए मंडावर भाजपा मंडल क्षेत्र से आगे के लिए प्रस्थान करेगी। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी अमित वर्मा, तहसीलदार अक्षयप्रेम चेयरवाल, कार्यवाहक ईओ प्रकाशचंद मीना, भाजपा मंडल मंडावर के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राजपूत, महामंत्री एवं सुशासन यात्रा प्रभारी सोनू वशिष्ठ, सह–प्रभारी मुकेश साहू, उपाध्यक्ष नेमीचंद पहाड़िया, कृष्ण मोहन शर्मा, नेमीचंद सैनी, सहित भोला बागड़ी, दिनेश मीणा, संजय खंडेलवाल, मनीष खंडेलवाल, लल्लू सरपंच, मुरारी नांगल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहें।
