व्यवस्थाओं पर जताई प्रसन्नता, लक्ष्य केंद्रित कार्य का दिया संदेश
भीम प्रज्ञा न्यूज़.झुंझुनूं।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय झुंझुनूं के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय स्काउट–गाइड शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का निरीक्षण गंगाधर सिंह सुंडा ने किया। शिविर की व्यवस्थाओं और प्रशिक्षण अनुशासन को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। सी.ओ. स्काउट महेश कालावत ने बताया कि जिला अध्यक्ष के आगमन पर स्काउट–गाइड कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। संबोधन में सुंडा ने कहा कि शिविर में शामिल प्रशिक्षु अध्यापक–अध्यापिकाएं लक्ष्य केंद्रित होकर समर्पित भाव से कार्य करें, तभी सफलता सुनिश्चित होगी। उन्होंने स्काउट–गाइड की विभिन्न गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस आंदोलन के माध्यम से राष्ट्र के लिए अच्छे नागरिक तैयार होते हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रेलवे वाणिज्यिक अधिकारी ओमप्रकाश आर्य ने कहा कि स्काउटिंग सेवा का पर्याय है। स्काउट–गाइड से रोजगार के अवसर मिलते हैं और विदेश भ्रमण जैसी संभावनाएं भी खुलती हैं। आर्य ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया। इस अवसर पर प्रशिक्षु शिक्षक–शिक्षिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिनमें आदिवासी नृत्य, धरती धोरा री और रंगीलो राजस्थान ने खूब सराहना बटोरी। यदुवंशी इंस्टीट्यूट आफ एजुकेशन सहेली के डी.एल.एड प्रभारी सुरेंद्र दायमा ने कहा कि स्काउट–गाइड शिविर जीवन में अविस्मरणीय अनुभव देता है। कार्यक्रम में वरिष्ठ स्काउट मास्टर रामदेव सिंह गढ़वाल, स्काउट प्रभारी कविराज, दिनेश कुमार उपस्थित रहे। संचालन राष्ट्रीय ट्रेनिंग टीम के सदस्य व लीडर ट्रेनर रामावतार सबलानिया ने किया।
