भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा। शहर के एम.आर.एस. प्रनामी स्कूल में शनिवार को विद्यालय स्तरीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। संस्था सचिव अरविंद दाधीच के नेतृत्व में आयोजित इस स्पर्धा में छात्र-छात्राओं ने अपनी ताकत और तकनीक का शानदार प्रदर्शन करते हुए उपस्थित जनों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया। प्रतियोगिता में डेडलिफ्ट, बेंच प्रेस और स्क्वाट श्रेणियों के अंतर्गत मुकाबले हुए। जहाँ एक ओर लड़कों ने भारी वजन उठाकर अपनी शक्ति का लोहा मनवाया, वहीं लड़कियों ने भी इस चुनौतीपूर्ण खेल में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विशेष रूप से छात्रा अनुज्ञा ने अपने उम्दा प्रदर्शन से सभी की वाहवाही लूटी। स्कूल स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में निम्नलिखित विद्यार्थियों ने सर्वाधिक वजन उठाकर अपना दबदबा कायम किया- पीयूष (कक्षा 12): कुल 370 किलो भार उठाकर अव्वल रहे। सालिम (कक्षा 11): 270 किलो भार के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया। विराट मिश्रा (कक्षा 10) 235 किलो वजन उठाया। लक्ष्य (कक्षा 10) व हितेश (कक्षा 12) दोनों ने 205-205 किलो भार उठाकर अपनी प्रतिभा दिखाई।इसके अलावा पीयूष नायक, रित्विक, युवराज, अरमान, नितिन यादव, कार्तिक कुमावत और राहुल का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। समारोह को संबोधित करते हुए संस्था सचिव अरविंद दाधीच ने खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने के लिए प्रेरित किया। संस्था निदेशक अनिल दाधीच ने कहा कि केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि भविष्य में सफलता और सर्वांगीण विकास के लिए खेल जीवन का अनिवार्य हिस्सा हैं। इस दौरान लेफ्टिनेंट आर.डी. शर्मा ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का सफल संचालन भूमि सोनी और निधि कोंकचा ने किया। प्रतियोगिता के दौरान स्कोर बोर्ड पर तरूनम और श्रुति ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
