भीम प्रज्ञा न्यूज़.खेतड़ी। छात्र संगठन एसएफआई खेतड़ी द्वारा कॉलेज कमेटी के नेतृत्व में सोमवार को राजकीय महाविद्यालय खेतड़ी के प्राचार्य को एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से परीक्षा फॉर्म में मेजर विषयों की त्रुटियों के शुद्धिकरण को लेकर विद्यार्थियों की समस्याओं से अवगत कराया गया।एसएफआई के जिला अध्यक्ष विष्णु कुमार नायक ने प्राचार्य को बताया कि कई बार परीक्षा फॉर्म भरते समय किसी कारणवश विद्यार्थियों से मेजर विषय गलत भर जाता है, जिसके शुद्धिकरण के लिए विश्वविद्यालय जाना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों को न केवल आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ता है, बल्कि अतिरिक्त आर्थिक भार भी उठाना पड़ता है। छात्र संगठन एसएफआई ने मांग की कि मेजर विषय शुद्धिकरण का पोर्टल महाविद्यालय स्तर पर ही शुरू किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को अनावश्यक रूप से विश्वविद्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय व धन दोनों की बचत हो सके। ज्ञापन में उम्मीद जताई गई कि विश्वविद्यालय शीघ्र ही छात्र हित में निर्णय लेकर राहत प्रदान करेगा। इस अवसर पर पूर्व छात्रसंघ सचिव दिनेश बबेरवाल, छात्र नेत्री पायल नायक, सीमा सैनी, कॉलेज कमेटी अध्यक्ष दीपक कटारिया, रोहित कुमार, सचिन सैनी, जिला उपाध्यक्ष संजय कुमार सैनी, छात्र नेता रिहान कुरैशी, अमित कुमार, पिंटु, साहिल, फरदीन कुरैशी, तिलक, इशिका, लक्ष्मी शेखावत, राजकुमार सहित सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहें।
