भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमकाथाना।
छात्र संगठन एसएफआई नीमकाथाना की जिला कमेटी की विस्तारित बैठक शनिवार को पार्टी ऑफिस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विष्णु नायक ने की। प्रारंभ में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसएफआई राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र ढाका (पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष, शेखावाटी विश्वविद्यालय) तथा पर्यवेक्षक के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज गुर्जर मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र ढाका ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नई शिक्षा नीति का विरोध जताया। उन्होंने कहा कि नई नीति के कारण विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। वर्ष में दो बार परीक्षा और दो बार फीस वसूली से छात्रों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। वहीं, सेमेस्टर प्रणाली में परीक्षा का कोई निश्चित शेड्यूल नहीं होने से विद्यार्थियों को निरंतर तनाव का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के बजट में लगातार कटौती हो रही है और एसएफआई इस नीति को रद्द करवाने के लिए व्यापक आंदोलन छेड़ेगी। पर्यवेक्षक पंकज गुर्जर ने संगठन विस्तार की रणनीति बताते हुए कहा कि एसएफआई आने वाले समय में गांव–गांव जाकर छात्र सदस्यता अभियान चलाएगी। तहसील स्तर पर कमेटियों के गठन और सम्मेलनों को मजबूत करने पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
जिला अध्यक्ष विष्णु नायक ने सभी कार्यकर्ताओं का क्रांतिकारी अभिनंदन करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की। बैठक में जिला सचिव विक्रम यादव, जिला उपाध्यक्ष संजय सैनी, नवीन कुमावत, जिला संयुक्त सचिव किरण सैनी, सीमा सैनी, निरंजन लाल सैनी (पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष, स्वामी विवेकानंद कॉलेज खेतड़ी), पिकु गुर्जर, मयंक शर्मा, रिहान कुरेशी, दिनेश बबेरवाल (पूर्व छात्रसंघ सचिव), कशिश, पूजा योगी, निकिता कंवर, अनुराधा, रेखा शर्मा, रितु यादव, यशवीर, मोहित यादव, बिट्टू यादव, राहुल कुमार सैनी, अमित कुमार गुर्जर, दीपक रावत, तनु भार्गव, रिंकू बगड़िया सहित सैकड़ों विद्यार्थी मौजूद रहें।
