संपादकीय @Advocate Haresh Panwar
*“कुछ सेकंड की जल्दबाज़ी और उम्र भर का अफ़सोस”*
मनुष्य का जीवन प्रतीक्षा से बना है। जन्म से पहले माँ के गर्भ में नौ महीने का इंतज़ार, फिर चलना सीखने के लिए दो साल, स्कूल जाने के लिए तीन वर्ष, मताधिकार के लिए अठारह वर्ष, रोज़गार के लिए बाईस वर्ष और विवाह के लिए पच्चीस से तीस वर्ष तक का धैर्य—जीवन का हर पड़ाव हमें सिखाता है कि सही समय का इंतज़ार ही सफलता और सुरक्षा की कुंजी है। हम पूरे जीवन में धैर्य रखना सीखते हैं, लेकिन विडंबना यह है कि सड़क पर वही इंसान कुछ सेकंड का भी इंतज़ार नहीं कर पाता।
गाड़ी चलाते समय ओवरटेक करने के लिए तीस सेकंड रुकना हमें असहनीय लगता है। उस क्षण हमें न घर याद आता है, न माता-पिता, न जीवनसाथी और न ही वह मासूम बच्चा, जो दरवाज़े की ओर टकटकी लगाए हमारे लौटने का इंतज़ार कर रहा होता है। बस एक जल्दबाज़ी, एक गलत अनुमान और एक क्षण की लापरवाही—और जीवन की पूरी कहानी पल भर में बदल जाती है। यहां मैं बोलूंगा तो फिर कहोगे कि बोलता है।
यही वह क्षण होता है, जब कुछ सेकंड की गलती भयंकर परिणाम बनकर सामने आती है। अगर दुर्घटना हो जाए और व्यक्ति जीवित बच जाए, तो वही इंसान घंटों पुलिसिया कार्रवाई में, दिनों अस्पताल में, महीनों इलाज में और वर्षों मानसिक व शारीरिक पीड़ा में गुज़ार देता है। जो चला जाता है, वह तो चला जाता है—पर पीछे छूटे लोगों की पीड़ा कौन समझे? माँ-बाप की सूनी आँखें, पत्नी का टूटा भरोसा, बच्चों का छिनता भविष्य—इन सबकी कीमत क्या सिर्फ तीस सेकंड की जल्दबाज़ी थी?
हम अक्सर ऐसी घटनाओं के बाद नियति को दोष देते हैं। कहते हैं—“जो होना था, वही हुआ।” लेकिन क्या सच में यह नियति होती है, या हमारी लापरवाही? क्या तेज़ रफ्तार, गलत ओवरटेक, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग, हेलमेट या सीट बेल्ट न लगाना—ये सब नियति के फैसले हैं? नहीं। ये हमारे फैसले हैं, जिनकी सज़ा केवल हमें ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को भुगतनी पड़ती है।
आज देश भर में सड़क सुरक्षा अभियान चलाए जा रहे हैं। परिवहन विभाग, पुलिस प्रशासन, सामाजिक संगठन और जागरूक नागरिक लगातार यह संदेश दे रहे हैं कि सड़क पर अनुशासन ही जीवन की सुरक्षा है। फिर भी रोज़ाना अख़बारों में दुर्घटनाओं की खबरें कम नहीं हो रहीं। यह स्पष्ट संकेत है कि कानून से अधिक ज़रूरत सोच बदलने की है। जब तक हम यह नहीं समझेंगे कि सड़क कोई रेस ट्रैक नहीं है और वाहन शक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि जिम्मेदारी का माध्यम है—तब तक हालात नहीं बदलेंगे।
सड़क पर चलने वाला हर व्यक्ति केवल चालक नहीं होता, वह किसी का बेटा, किसी का पिता, किसी का जीवनसाथी और किसी का सहारा होता है। जब हम वाहन की गति बढ़ाते हैं, तो हम सिर्फ एक्सीलेरेटर नहीं दबाते—हम अपने परिवार की किस्मत भी दांव पर लगाते हैं। सही रफ्तार केवल कानून का पालन नहीं, बल्कि जीवन के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
यह भी याद रखना चाहिए कि सड़क पर हम अकेले नहीं होते। हमारे साथ पैदल चलने वाले, साइकिल सवार, बच्चे, बुज़ुर्ग और अन्य वाहन चालक भी होते हैं। एक गलत निर्णय न जाने कितने घरों में मातम फैला सकता है। इसलिए सतर्कता केवल स्वयं के लिए नहीं, बल्कि समाज के प्रति भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी है।
आज का समय मांग करता है कि हम सड़क सुरक्षा को अभियान नहीं, बल्कि आदत बनाएं। हेलमेट और सीट बेल्ट को मजबूरी नहीं, सुरक्षा कवच समझें। ओवरस्पीडिंग को शौर्य नहीं, मूर्खता मानें। ट्रैफिक नियमों को बाधा नहीं, जीवन रेखा समझें। और सबसे महत्वपूर्ण—थोड़ा सा धैर्य रखें। क्योंकि जीवन ने हमें हर बड़े मोड़ पर इंतज़ार करना सिखाया है, तो सड़क पर भी यह सीख क्यों भूल जाएं?
यदि यह संदेश एक प्रतिशत लोगों तक भी पहुँच जाए और वे अपनी आदत बदल लें, तो समझिए यह लेख सार्थक हो गया। एक दुर्घटना कम होना भी किसी परिवार के जीवन को बचा लेना है। याद रखिए—आपका घर, आपका परिवार, आपके अपने लोग आपकी राह देख रहे हैं। उन्हें आपकी मंज़िल नहीं, आपकी सुरक्षित वापसी चाहिए।
क्योंकि जीवन अनमोल है।
कुछ सेकंड बचाने के लिए उसे दांव पर मत लगाइए।
सही रफ्तार, सही दिशा और सुरक्षित यात्रा—यही सच्ची समझदारी है।
भीम प्रज्ञा अलर्ट
जीवन में सबसे बड़ा जोखिम तेज़ चलना नहीं, बल्कि बिना सोचे चलना है; जो रुककर सही दिशा चुन लेता है, वही सुरक्षित भी रहता है और सफल भी।
