भीम प्रज्ञा न्यूज़.खेतड़ी। खेतड़ी नगर के कॉपर क्लब में बुधवार को ब्लॉक स्तरीय सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह समारोह एसआईआर (SIR) कार्यक्रम को निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा करने की उपलब्धि पर आयोजित किया गया, जिसमें 236 कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम सुनील कुमार चौहान थे, जबकि तहसीलदार सुनील कुमार और नायब तहसीलदार प्यारेलाल, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी दिलदार सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह की अध्यक्षता सीबीईओ अनुकंपा अरडावतिया ने की। अतिथियों ने विधिवत रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। एसडीएम सुनील कुमार चौहान ने अपने संबोधन में एसआईआर कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्यक्रम एक राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम था, जिसका प्राथमिक उद्देश्य राष्ट्र को सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाए गए इस चुनौतीपूर्ण कार्यक्रम को समय पर पूरा करना एक बड़ी चुनौती थी। चौहान ने सभी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) और सुपरवाइजरों के प्रयासों की दिल खोलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इन सभी कर्मचारियों ने इस चुनौती को स्वीकार करते हुए टीम भावना के साथ कार्य किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी कार्य की सफलता के लिए टीम भावना और लक्ष्य प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत अत्यंत आवश्यक है।
कड़ी मेहनत से बनी मिसाल
अधिकारियों और कर्मचारियों की लगन की प्रशंसा करते हुए बताया गया कि कार्यक्रम की शुरुआत में प्रत्येक कर्मचारी के लिए निर्धारित समय में लक्ष्य पूरा करना एक महत्वपूर्ण कदम था। इसके लिए अधिकारियों ने अलग-अलग सेक्टर बनाकर अनुभवी कर्मियों को सुपरवाइजर और सेक्टर प्रभारी नियुक्त किया था। उनकी कड़ी मेहनत और लगन के परिणामस्वरूप, सभी बीएलओ और कर्मचारियों ने निर्धारित समय में कार्य पूरा कर प्रदेश में एक मिसाल कायम की है।
236 कर्मचारियों को मिला प्रशस्ति पत्र
एसआईआर कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा होने पर कर्मचारियों के उत्साहवर्धन के लिए ऐसे समारोहों का आयोजन महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 214 बीएलओ, 22 सुपरवाइजर और कार्यक्रम में लगे अन्य कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर प्रोग्रामर यादव राम, दिलदार सिंह, एसीबीईओ राजेश कुमावत, अजय कुमार, ओमप्रकाश वर्मा, वीरेंद्र कश्यप, शशिकांत, राजेंद्र सिंह शेखावत, मदन सिंह, रमेश कुमार, इंद्राज सिंह, जितेंद्र सिंह, वेदप्रकाश, भीखाराम धायल, होशियार सिंह, सुरेश, गौरव कुमार सतरूप, राधेश्याम, थावरमल, सुमेर सिंह, विद्याधर ढाका, सुरेश नारवाल, राकेश जांगिड़ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और कर्मचारी उपस्थित थे।
