भीम प्रज्ञा न्यूज़.खेतड़ी।
खेतड़ी नगर में एसबीआई बैंक के पास रविवार को एक निशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्र के लगभग 900 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और निशुल्क दवाइयों का लाभ उठाया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अतिथियों द्वारा फीता काटकर किया गया। समाजसेवी मनोज घुमरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में पार्षद हरमेंद्र चनानिया, सुरेंद्र फौजी, बाबूलाल सैनी और पार्षद गोकुल शामिल थे। मुख्य अतिथि मनोज घुमरिया ने अपने संबोधन में आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद भारतीय जीवन पद्धति का अभिन्न अंग है, जो बिना किसी दुष्प्रभाव के रोगों के मूल कारण का उपचार करता है। उन्होंने आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में स्वस्थ जीवन के लिए आयुर्वेदिक चिकित्सा को अत्यंत आवश्यक बताया। घुमरिया ने मानव सेवा को सबसे बड़ा धर्म बताते हुए मदद फाउंडेशन के कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि फाउंडेशन खेतड़ी उपखंड में निशुल्क कोचिंग, जरूरतमंद बेटियों के विवाह, पेयजल के लिए बोरवेल और गौशाला संचालन सहित विभिन्न सामाजिक कार्य निरंतर कर रहा है।
शिविर में जयपुर से आए डॉ. रामहरी मीणा के नेतृत्व में एक विशेषज्ञ टीम ने अपनी सेवाएं दीं। इस टीम में अग्निकर्म विशेषज्ञ डॉ. मुकेश साहू, डॉ. पवन कुमार यादव, डॉ. अनीता यादव, डॉ. दिपेश कुमार मीणा और प्रशांत शामिल थे। टीम ने जोड़ों के दर्द, कमर दर्द, गैस, बदहजमी, सिरदर्द, पाइल्स, बवासीर, पथरी और चर्म रोग सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की। शिविर के दौरान कुल 900 मरीजों को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इस शिविर को सफल बनाने में बलबीर छापोला, सुशील मीणा और अन्य कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
