*ठेकेदार व विभागीय जेईएन पर हाईकोर्ट निर्देशों की अवहेलना के लगाये आरोप; एसडीएम ने दिए जांच के आदेश।*
मनोज खंडेलवाल
भीम प्रज्ञा न्यूज़.मंडावर। गांधी चौक से पहाड़बंद चौराहा मार्ग तक बन रही सीसी सड़क में भारी अनियमितताओं और कॉलोनियों में बढ़ते जलभराव के खतरे को लेकर सोमवार को गढ़ रोड क्षेत्र के कॉलोनीवासियों और व्यापारियों ने एकजुट होकर मंडावर एसडीएम अमित वर्मा को विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए निर्माण कार्य में हो रही मनमानी को तत्काल रोकने की मांग की। प्रभावित लोगों ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा करवाए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में ठेकेदार और कनिष्ठ अभियंता करणसिंह राजपूत हाईकोर्ट के निर्देशों की अनदेखी करते हुए मनमर्जी से सड़क बना रहे हैं। गांधी चौक से सब्जी मंडी तक तो पुरानी सड़क को नियमानुसार खोदकर उसकी परत हटाई जाकर सडक बनाई जा रही है, जबकि सब्जी मंडी से गढ़ रोड की ओर बिना खुदाई के पुरानी सड़क के ऊपर ही नई सीसी सड़क बनाई जा रही है। इससे पूरी कॉलोनियों, दुकानों और मकानों में पहले से मौजूद जलभराव की समस्या और गंभीर होने का खतरा है, क्योंकि इस मार्ग से जुड़ी ज्यादातर कॉलोनियाँ पहले ही सड़क स्तर से काफी नीचे स्थित हैं।कॉलोनीवासियों ने ज्ञापन के जरिये यह भी बताया कि शनिवार को जब स्थानीय लोग मौके पर पहुँचकर गलत तरीके से हो रहे सडक निर्माण कार्य का विरोध कर रहे थे, तब पीडबल्यूडी विभाग के जेईएन करणसिंह राजपूत ने कथित अभद्रता करते हुए “सड़क ऐसे ही बनेगी” कहकर उनकी आपत्तियों को सिरे से खारिज कर दिया, जिसके बाद यहाँ काँलोनीवासियो में रोष और बढ़ गया।
इन गंभीर आरोपों और कॉलोनीवासियो की पीड़ा का संज्ञान लेते हुए एसडीएम अमित वर्मा ने स्थानीय सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को मूल ज्ञापन सहित आदेश जारी करते हुए उक्त सड़क निर्माण कार्य में नियमों के उल्लंघन, मनमानी, सड़क की बढ़ती ऊँचाई और जलभराव जैसी संवेदनशील समस्याओं की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ज्ञापन देने वालों में द्वारकाप्रसाद अग्रवाल, कल्लू सैनी, सुशील फोटोग्राफर, दिनेश सिंघल, वेदप्रकाश सोनी, दिनेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में प्रभावित कॉलोनीवासी मौजूद रहें।
