भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा। गिन्नीदेवी सत्यनारायण सेखसरिया गर्ल्स पीजी कॉलेज में आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय (सीकर) द्वारा आयोजित अंतर-महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। महाविद्यालय की छात्राओं ने खेल के मैदान में शानदार प्रदर्शन किया। छात्रा अनु सैनी ने ऊंची कूद प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक (Gold Medal) जीता, जबकि पवन ने 20 किलोमीटर पैदल चाल में कांस्य पदक प्राप्त किया। पदक जीतकर लौटी छात्राओं का महाविद्यालय प्रांगण में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या सपना अग्रवाल ने छात्राओं के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर संस्था सचिव सुंदरलाल शर्मा ने भी दोनों पदक विजेता छात्राओं को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। महाविद्यालय की पीटीआई आशा शर्मा ने बताया कि इन अंतर-महाविद्यालय खेल प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय की कुल 7 छात्राओं ने भाग लिया था। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
