भीम प्रज्ञा न्यूज़.गुढ़ागौड़जी।
गुढ़ागौड़जी में आगामी 11 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर एवं निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर के पोस्टर का विमोचन किया गया। यह शिविर सर्व समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। पोस्टर विमोचन के अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने युवाओं से बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए रक्तदान के महत्व पर विशेष जोर दिया। भाजपा नेता एवं शिक्षाविद डॉ. वीरपाल सिंह शेखावत ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को रक्तदान के लिए प्रेरित करना है, ताकि जरूरतमंदों की समय पर सहायता हो सके। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस पुनीत और नेक कार्य में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर मानव सेवा में अपना योगदान दें। एडवोकेट किशन गोरसिया ने जानकारी दी कि यह शिविर घूमचक्कर विवेकानंद सर्किल स्थित मोदियों की धर्मशाला में सुबह 9 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित होगा। शिविर के दौरान अनुभवी चिकित्सकों द्वारा निशुल्क चिकित्सा परामर्श भी प्रदान किया जाएगा, जिससे आमजन को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में लाभ मिल सके। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट, गुढ़ागौड़जी के प्रभारी दिनेश सांखला, पवन कुमावत, विष्णु सिंह राठौड़, अशोक कुमावत, रणवीर सिंह, तनुज कुमावत, डॉ. सुरेंद्र कुमार सोनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने शिविर को सफल बनाने हेतु सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया।
