बेसहारा गोवंश के लिए सहारा बना गो चिकित्सा सेवा वाहन
भीम प्रज्ञा न्यूज़.पलसाना। घायल गोवंश की सहायता के लिए गो चिकित्सा सेवा वाहन का शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं विभिन्न गांवों एवं सड़कों पर बेसहारा गोवंश के लिए श्री श्री 1008 विष्णु दास जी महाराज गौशाला भूदोली गो चिकित्सा सेवा वाहन सहारा बना है। गो सेवक पंडित महेश चंद्र शास्त्री ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 52 गोरिया से लेकर पलसाना, पलसाना से खंडेला, श्रीमाधोपुर से नीमकाथाना तक अब किसी भी गोवंश के वाहन की टक्कर लगने व अज्ञात कारण से घायल होने पर मोबाइल नंबर पर सूचना मिलने के साथ अपनी गो चिकित्सा सेवा टीम के साथ निस्वार्थ भाव से पहुंच कर घायल गोवंश का निशुल्क उपचार करेंगे। इतना ही नहीं घायल गोवंश की हालत गंभीर होने पर मौके पर तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद विश्व स्तरीय गौशाला नागौर में भिजवाने की भी तत्काल व्यवस्था की जाएगी। इस नेक एवं पुनीत कार्य के लिए श्री निंबार्क संप्रदाय एवं गोपाल जी का बड़ा मंदिर पलसाना के संत शिरोमणि महंत मनोहर शरण शास्त्री ने कहा कि गौ सेवा करना धर्मार्थ एवं बहुत ही पुण्य का काम है। गौ सेवा से देवी देवताओं का आशीर्वाद, सुख एवं आध्यात्मिक शांति, मानसिक संतुष्टि, एवं आध्यात्मिक उन्नति होती है। इस प्रकार से गोवंश की सेवा करना मानवता का धर्म ही नहीं अपितु करुणा, दया एवं सच्ची सेवा का प्रतिरूप है। यह धार्मिक एवं नैतिक रूप से महत्वपूर्ण कार्य है। जो प्रत्येक व्यक्ति के बस की बात नहीं है। गो सेवक शास्त्री के द्वारा शुरू की गई बेसहारा, बीमार एवं लाचार गोवंश के लिए अच्छी पहल है।
