नगरपालिका के घटिया काम से राहगीर परेशान, पीयूष बाछुका ने अपनी देखरेख में करवाई साफ-सफाई और मरम्मत
भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा।
चिड़ावा नगर पालिका द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर शहर में गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पिछले छह महीने के भीतर ही शहर के कई स्थानों पर नवनिर्मित नालियां और क्रॉसिंग टूटकर बिखर गए हैं, जिसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्यों की इस दयनीय स्थिति के मद्देनजर, शहर के जिम्मेदार नागरिकों ने अब अपने स्तर पर पहल शुरू कर दी है, ताकि दोबारा हो रही मरम्मत का काम कम से कम टिकाऊ हो सके। ऐसा ही एक उदाहरण कोर्ट के पास देखने को मिला, जहाँ टूटे हुए क्रॉसिंग की मरम्मत की जा रही थी। पीयूष बाछुका ने इस कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खुद साइट पर मोर्चा संभाला। उन्होंने अपनी देखरेख में निर्माण से पहले नाली और बेस की पूरी साफ-सफाई करवाई, ताकि नया निर्माण सही तरीके से जम सके और उसकी उम्र थोड़ी लंबी हो सके। बाछुका की इस पहल से यह उम्मीद जगी है कि यह मरम्मत कार्य शायद पिछली बार की तरह जल्द ही न टूट जाए। मोहल्ले वासियों ने बाछुका की इस जिम्मेदारी भरी कार्रवाई की सराहना की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर सभी निर्माण कार्य इसी तरह जिम्मेदारी से किए जाएं और नागरिक निगरानी हो, तो सरकारी धन की बर्बादी और जनता की परेशानी रोकी जा सकती है।
इस घटना ने एक बार फिर नगर पालिका द्वारा निर्माण कार्यों में बरती जा रही लापरवाही और घटिया सामग्री के इस्तेमाल की पोल खोल दी है, जिस पर प्रशासन को तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है।
