शहर के मुख्य बाजार में पीले चावल देकर दिया गया सामूहिक निमंत्रण,11 दिसंबर को निकलेगी यात्रा
भीम प्रज्ञा न्यूज.चिड़ावा। चिड़ावा शहर में आस्था और भक्ति का माहौल चरम पर है। आगामी 11 दिसंबर को निकलने वाली 22वीं श्री जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में, भक्तों और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शहर के मुख्य बाजार में घर-घर और दुकान-दुकान जाकर लोगों को यात्रा में सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया। प्रेम केडिया के आतिथ्य में श्री हरि नाम प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। यह प्रभात फेरी शहर के आराध्य देव परमहंस बावलियां बाबा के दरबार से शुरू हुई और मुख्य बाजार—टेकड़ा, कल्याण प्रभु मंदिर से गांधी चौक, पुरानी तहसील रोड़ होते हुए कबूतर खाना बस स्टैंड तक पहुँची। कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों और राहगीरों को पीले चावल और पम्पलेट वितरित कर 11 दिसंबर को आयोजित होने वाली श्री जगन्नाथ जी की रथ यात्रा में सपरिवार सम्मिलित होने का आग्रह किया। इस दौरान, ऋषिकेश से आए हुए महाराज ने ढोल नगाड़ों पर कीर्तन के साथ नाचते-गाते हुए निमंत्रण दिया, जिससे पूरे बाजार में भक्तिमय वातावरण छा गया। चिड़ावा के सभी सनातनी संगठन और गणमान्य जन अत्यंत उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं। यह रथ यात्रा खीमसिका परिवार द्वारा 22 साल पहले शुरू की गई थी, और यह परंपरा चिड़ावा में लगातार 22वीं बार आयोजित की जा रही है, जो शहर की धार्मिक एकता और आस्था का प्रतीक है।इस अवसर पर झंडी प्रसाद हिम्मतरामका, मनोहर लाल जांगिड़, महेश शर्मा आजाद, सांवरमल पारीक, रामचंद्र शर्मा, सुरेश मालानी, पूर्व चेयरमैन शंकर लाल वर्मा, विपुल गुप्ता, अमित सूरजगडिया, संदीप हिम्मतारामका, निवास वर्मा, सत्यनारायण चौधरी, सांवरमल उदयपुरिया, ललित भगेरिया, प्रवीण वर्मा, मोहनलाल अग्रवाल, राकेश सराफ, राकेश बंजारावाला, नवीस चौधरी, आनन्द सहित काफी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहें।
