
भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा।
शहर के परम पूज्य संत परमहंस पंडित गणेश नारायण जी बावलिया बाबा का 179वां जन्मोत्सव पौष बदी एकम, शुक्रवार को धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ धूम धाम से मनाया गया। मुख्य बाजार स्थित बाबा की साधना स्थली चौरासिया मंदिर में जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मंदिर महंत विनोद चौरासीया ने बावलिया बाबा की आरती कर और उन्हें भोग लगाकर धार्मिक आयोजनों का शुभारंभ किया। जन्मोत्सव समिति के तत्वावधान में मंदिर को विशेष प्रकार के मनमोहक फूलों, गुब्बारों व लाइटिंग से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे पूरा मंदिर परिसर अलौकिक दिखाई दे रहा था।
बाबा को विशेष रूप से देशी घी के हलवे, चना व दाल के बड़ों का महाभोग लगाया गया। भोग के पश्चात प्रसाद वितरण प्रारंभ किया गया, जो देर शाम तक जारी रहा। बाबा के दर्शन और प्रसाद ग्रहण करने के लिए बड़ी संख्या में भक्तगण मंदिर पहुंचे। शाम को बावलिया बाबा महिला भक्त मंडल की सदस्यों ने मण्डल संयोजक पूनम चौरासिया की अगुवाई में सुंदर भजन व नृत्य नाटिका कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। जन्मोत्सव का मुख्य आकर्षण सायं 7:15 बजे 179 दीपों से की गई बाबा की महाआरती रही। महाआरती के बाद केक काटकर बाबा का जन्म दिवस मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबकर बाबा का जयघोष करते रहे। इस शुभ अवसर पर बावलिया बाबा जन्मोत्सव समिति के सदस्य व भक्तगण उपखंड अधिकारी डॉ. नरेश सोनी, चिड़ावा नगर पालिका अधिशासी अधिकारी रोहित मिल, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी कैलाश सिंह काविया,औ अशोक हलवाई, मुकेश हलवाई, राजकुमार केडिया, अनुज भगेरिया,सोनू मन्ड्रेलिया, अनिल लांबीवाला, रामकिशन केडिया, संजय दायमा, शुभम मोदी, नरेन्द्र सिंह सहगल, कांति प्रसाद हलवाई, पालिका उपाध्यक्ष अभयसिंह बड़सरा, विक्रम शर्मा, प्रदीप केडिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहें।
