रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना। एसडीएम आकाश शर्मा ने वीरवार को लघु सचिवालय परिसर में कर्मचारियों और नागरिकों को बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक शपथ दिलाई। इस अवसर पर बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने और समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने संकल्प लिया कि वे अपने स्तर पर बाल विवाह रोकने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। एसडीएम आकाश शर्मा ने कहा कि यह प्रथा बच्चों के भविष्य को प्रभावित करती है और उनके शिक्षा, स्वास्थ्य तथा विकास के अधिकारों को गंभीर नुकसान पहुँचाती है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसी रूढ़ियों को खत्म करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को जिम्मेदारी निभानी होगी, ताकि किसी भी परिवार या समुदाय में बच्चों को समय से पहले विवाह के लिए मजबूर न किया जाए। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों और नागरिकों से कहा कि यदि कहीं भी बाल विवाह की आशंका या प्रयास दिखाई दे, तो तुरंत संबंधित विभागों को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। एसडीएम ने कहा कि प्रशासन हर ऐसे मामले में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कदम उठाएगा। बाल विवाह को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। परिवार, समाज, शिक्षण संस्थान और प्रशासन एक साथ मिलकर ही बच्चों के लिए सुरक्षित और शिक्षित वातावरण बना सकते हैं। यदि सभी लोग अपने स्तर पर सतर्कता और जागरूकता दिखाएँ, तो इस कुप्रथा को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है। सभी उपस्थित कर्मचारियों और नागरिकों ने संकल्प लिया कि वे न केवल अपने परिवार में बल्कि पड़ोस और समुदाय में भी बाल विवाह नहीं होने देंगे और इससे संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाएँगे।
सुपरवाइजर करमजीत कौर ने बताया कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने के लिए 4 दिसंबर से लेकर सो दिनों तक हर रोज आंगनबाड़ी केंद्र और गांव में जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों को जागरूक किया जाएगा। जिस का मुख्य संदेश हर बच्चा सुरक्षित बचपन, उचित शिक्षा और बेहतर भविष्य का अधिकारी है, और इसी दिशा में समाज को एकजुट होकर कार्य करना होगा।
इस दौरान डीएसपी उमेद सिंह, नायब तहसीलदार रसविंदर सिंह, बीडीपीओ राहुल श्योकंद, बलजीत सिंह, एआईपीआरओ डॉ विनय बेनीवाल, अधीक्षक मुकेश बजाज, एसईपीओ माया गोदारा, कृषि विषय विशेषज्ञ अजय ढिल्लो, सुपरवाइजर रचना, पोषण कॉर्डिनेटर नेन्सी, पुष्प राज सहित अन्य कर्मचारी व नागरिक मौजूद रहें।
