-छात्रों ने किया लघु सचिवालय टोहाना का शैक्षणिक भ्रमण
रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समैन के छात्रों ने वीरवार को लघु सचिवालय टोहाना का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, विभागीय संरचना तथा शासन प्रणाली की वास्तविक प्रक्रियाओं को नज़दीक से समझने का अवसर मिला। भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को व्यवहारिक ज्ञान उपलब्ध करवाना तथा प्रशासनिक तंत्र की कार्यशैली से अवगत कराना था।
दौरे के दौरान छात्र एसडीएम कार्यालय पहुँचे, जहाँ एसडीएम आकाश शर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें प्रशासनिक सेवाओं की महत्ता के बारे में बताया।एसडीएम ने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने, कानून व्यवस्था के महत्व को समझने और समाज हित में सकारात्मक योगदान देने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं की रूपरेखा व उनके क्रियान्वयन से संबंधित औपचारिक जानकारी भी साझा की।
इस दौरान छात्र विभिन्न विभागों के कार्यालयों में पहुंचे, जहाँ संबंधित अधिकारियों ने विभागीय दायित्वों, दैनिक कार्यों तथा जनसेवा से जुड़े प्रक्रियात्मक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। छात्रों ने विभागीय अभिलेख प्रबंधन, शिकायत निवारण प्रक्रिया तथा कार्यालय संचालन की पद्धतियों को भी व्यवस्थित रूप से जाना। भ्रमण के दौरान छात्रों ने अधिकारियों से कई प्रश्न पूछे, जिनके उत्तर अधिकारियों ने सरल और स्पष्ट भाषा में दिए। इस इंटरैक्टिव सत्र ने छात्रों की जिज्ञासा और समझ को दृढ़ किया तथा प्रशासनिक तंत्र के प्रति उनकी जागरूकता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यालय प्रिसिंपल सुशील कुमार ने लघु सचिवालय द्वारा प्रदान किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण छात्रों में प्रशासनिक समझ, जिम्मेदारी की भावना और वास्तविक अनुभव विकसित करने में अत्यंत सहायक होते हैं। विद्यालय के शिक्षकों ने भी छात्रों को इस अनुभव से अधिकतम सीख लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान अध्यापक वीरेंद्र कुमार भी मौजूद रहें।
