रजत विजय रंगा
भीम प्रज्ञा न्यूज़.टोहाना। प्रदेश की भाजपा सरकार ने आम जनता को परेशान करने का ठेका ले रखा है, आए दिन आम नागरिकों के अधिकारों को छीनकर यह सरकार जनता को तंग करने का काम कर रही है। यह बात टोहाना नगर परिषद के पूर्व उप प्रधान एवं नगर पार्षद रामकुमार सैनी ने कही। उन्होंने कहा कि हाल में ही सरकार ने प्रदेशभर के लगभग 20 हजार से ज्यादा बुजुर्गों की पेंशन बंद कर दी। जिसमें फतेहाबाद जिले के लगभग 1600 से अधिक पात्र बुजुर्ग भी शामिल है, सरकार फैमिली आईडी में आयु प्रमाण पत्र का हवाला देकर बुजुर्गों की चलती पेंशन काट रही है, जोकि न्यायपूर्ण नहीं है, क्योंकि पुराने टाईम में बुजुर्ग इतने पढ़े लिखे नहीं थे कि अपना आयु प्रमाण पत्र बनवा सकें। वहीं सरकार की ओर से भी मेडिकल बोर्ड की व्यवस्था की जाती थी कि जिन बुजुर्गों के आयु प्रमाण पत्र नहीं हैं, उनकी शारीरिक जांच कर उनके प्रमाण पत्र देकर पेंशन की पात्रता को तय किया जाता था, ऐसे में पात्रता और आयु प्रमाण पत्र की कमी के कारण पेंशन काटने की बजाये अगर आपको कोई गलत पाया जाता उन अधिकारियों पर कार्रवाही की जाए, जिन्होंने मैडिकल बोर्ड में रहकर लोगों की पेंशन बनाई थी, क्योंकि अब जिनकी पेंशन काटी जा रही है, वे वास्तव में बुजुर्ग हैं। हजारों बुजुर्ग तो ऐसे हैं, जिसका जीवन खर्च और दवाई केवल इस पेंशन से ही चलता है। रामकुमार सैनी ने मांग की है कि आम जनता और बुजुर्गों की भलाई को ध्यान में रखते हुए सरकार तुरंत प्रभाव से इस फैसले को रद्द करे और जिन बुजुर्गों की पेंशन काटी गई है, उसे पुन: शुरू किया जाए।
