भीम प्रज्ञा न्यूज़.लक्ष्मणगढ़। राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ का 43वाँ राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन शनिवार को बाडमेर में प्रदेश अध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। प्रदेश कार्य समिति सदस्य हरलाल सिंह महरिया ने बताया की बाड़मेर शहर के आदर्श स्टेडियम में आयोजित सम्मेलन में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लिया।सम्मेलन में प्रदेश भर से आए शिक्षकों ने बॉर्डर इलाके से प्रदेश की भजनलाल सरकार से अपनी लंबित मांगों को पूरा करने की मांग करते हुए आवाज बुलंद की।समापन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा ने शिक्षकों की मांगों को लेकर सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि शिक्षकों की लंबित मांगों को पूरा करने के लिए सरकार को तत्काल काम शुरू करना चाहिए, अन्यथा विधानसभा का घेराव किया जाएगा।उन्होंने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, महात्मा गांधी विद्यालयों में द्वितीय चरण पदस्थापन, लंबित डीपीसी और संविदा शिक्षकों के स्थाईकरण की मांगों को प्रमुख बताया। उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर आगामी 26 दिसंबर को राजधानी जयपुर के शहीद स्मारक पर शिक्षक धरना प्रदर्शन करेंगे।सीकर जिले से प्रदेश उपाध्यक्ष जोगेंद्र सिंह रणवा, प्रदेश मंत्री प्राचार्य रामचंद्र खीचड़, जिला अध्यक्ष महावीर पूनिया, जिला मंत्री हरीराम डोटासरा, प्राध्यापक राकेश मातवा ,विजेंद्र ढाका, रौनक जाखड़ ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। जिसको प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा राज्य सरकार को निस्तारण के लिए प्रेषित किया जाएगा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संगठन के मुख्य महामंत्री महेंद्र पांडे, संगठन मंत्री शिव शंकर ओझा, महामंत्री दीपक ठक्कर, सभा अध्यक्ष शशि भूषण शर्मा मंचस्थ अतिथि रहे। कार्यक्रम के संयोजक घमंडा राम कड़वासरा नेआभार व्यक्त किया।
