भीम प्रज्ञा न्यूज़.झुंझुनूं।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्लास्टिक कैरी बैग की रोकथाम को लेकर स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए नगर परिषद झुंझुनूं में आज प्लास्टिक फ्री अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान आयुक्त देवीलाल बोचल्या एवं स्वच्छ भारत मिशन नोडल अधिकारी रोहित कुमार जांगिड़ के निर्देशानुसार संचालित किया गया।इस अवसर पर नगर परिषद स्वच्छ भारत मिशन से एमआईएस अभियंता मुकेश पालीवाल एवं WeVOIS की IEC टीम के एक्सपर्ट कपिल गुप्ता द्वारा आमजन को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि 100 माइक्रोन से कम मोटाई वाली प्लास्टिक का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित है तथा सभी नागरिकों को सूखे कचरे के लिए नीले और गीले कचरे के लिए हरे डस्टबिन का ही उपयोग करना चाहिए। अभियान के दौरान आम जनता को प्लास्टिक के दुरुपयोग से होने वाले पर्यावरणीय एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही दुकानदारों को अपनी दुकानों के आगे दो डस्टबिन (सूखा एवं गीला कचरा) रखने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि कचरा पृथक्करण को बढ़ावा मिल सके।नगर परिषद का यह प्रयास शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
