भीम प्रज्ञा न्यूज़.चिड़ावा। ‘शराब से नाता तोड़ो, दूध से रिश्ता जोड़ो’ के ध्येय वाक्य के साथ मानवता की सेवा में जुटे लोक सेवा ज्ञान मंदिर ट्रस्ट द्वारा भीषण सर्दी के बीच जरूरतमंदों की मदद का अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में ट्रस्ट द्वारा चौथे चरण का सेवा प्रकल्प चिड़ावा नगरपालिका के पीछे स्थित लोहार बस्ती के शिव मंदिर प्रांगण में अनिल दाधीच द्वारा बताई जरूरतमंद जगह पर आयोजित किया गया, जहाँ असहाय एवं जरूरतमंद परिवारों को गर्म कंबल भेंट किए गए। कार्यक्रम का आयोजन ट्रस्ट के जिला प्रभारी राधेश्याम शर्मा सुखाड़िया के नेतृत्व में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय कुटुंब प्रबोधन संयोजक एवं बीकानेर शिक्षा विभाग के निदेशक गोमाराम उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सह-संघचालक संदीप जोशी, शिक्षाविद देवीदत्त शर्मा, संतोष अरड़ावतिया, श्याम सुंदर शर्मा, रामजी लाल सैनी एवं श्याम सुंदर वर्मा मौजूद रहें। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने अतिथियों का ट्रस्ट का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया। तहसील प्रभारी रजनीकांत मिश्रा ने ट्रस्ट का गीत गाकर उसका भावार्थ समझाया। मुख्य अतिथि गोमाराम ने कहा कि दीन-दुखियों की सेवा ही सबसे सुंदर कार्य है, जिससे ईश्वर प्रसन्न होते हैं। शिक्षाविद देवीदत्त शर्मा ने समाज के सामर्थ्यवान लोगों से अपनी नेक कमाई का कुछ अंश सेवा कार्यों में लगाने की अपील की।
अनिल दाधीच (निदेशक, एमआरएस प्रनामी स्कूल) ने सभी पदाधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि सेवा का कोई विकल्प नहीं है। ट्रस्ट के सदस्य संतोष अरड़ावतिया ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि ट्रस्ट द्वारा पिछले 5 वर्षों से 31 दिसंबर को दुग्ध महोत्सव मनाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए सभी को इस महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों और ट्रस्ट के सदस्यों ने कतारबद्ध तरीके से सभी जरूरतमंदों को एक-एक कर कंबल ओढ़ाए। इस सेवा कार्य को देख बस्ती के लोगों ने ट्रस्ट का आभार जताया।
