आज से शारदीय नवरात्रि की शुरुआत हो चुकी है। नवरात्रि की शुरुआत होने के साथ ही आज से सीकर में जीणमाता का मेला शुरू हो चुका है। मेले के पहले दिन ही आज हजारों श्रद्धालु जीणमाता के दर्शन करने के लिए पहुंचे हैं। यहां 12 अक्टूबर तक लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचेंगे। आज जीणमाता मंदिर में कोलकाता के कुसुम और गुलाब के फूलों से श्रृंगार किया गया है। मेले के दौरान करीब 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। साथ ही 100 सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। वहीं सीकर शहर में आज से करीब तीन दर्जन स्थानों पर मां दुर्गा के पांडाल सजाए गए हैं। जहां पर आज सुबह आरती होने के बाद दुर्गा पूजा महोत्सव की शुरुआत हो चुकी है। शाम के समय यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। सीकर के सुभाष चौक में इस बार 25वीं दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन हो रहा है। यहां सुबह पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी ने आरती की। वहीं सीकर के शीतला चौक में इस बार 30 वीं दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन हो रहा है। यहां लोहार्गल धाम पीठाधीश्वर महंत अवधेशाचार्य ने पूजा अर्चना की। आपको बता दें कि आज से सांस्कृतिक मंडल द्वारा सीकर के रामलीला मैदान में रामलीला का मंचन भी शुरू होगा। रात 9 बजे बाद से रामलीला होगी।
नवरात्रि के पहले श्रद्धालु जीणमाता दर्शन करने आए:शहर में तीन दर्जन स्थानों पर मां दुर्गा के पांडाल सजे, शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे
