भीम प्रज्ञा न्यूज़.बुहाना। विश्व हिन्दू परिषद् (विहिप) की महिला शाखा दुर्गावाहिनी की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बुहाना और स्वतंत्रता सेनानी ताड़केश्वर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पचेरी बड़ी में संयुक्त रूप से “नशामुक्त युवा फार विकसित भारत” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभाव से अवगत कराना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम के दौरान, मातृशक्ति जिला संयोजिका डॉ. नीलम और विहिप के जिला सहमंत्री नंदकिशोर ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। डॉ. नीलम ने युवाओं को नशे के बढ़ते चलन के प्रति आगाह करते हुए कहा कि यह “युवा शक्ति को कमजोर करने वाला जहर” है, जो विकसित भारत के लक्ष्य को बाधित करता है। उन्होंने छात्रों से नशे से दूर रहने और एक मजबूत तथा स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
जिला सहमंत्री नंदकिशोर ने छात्रों को जीवन प्रबंधन के लिए नियमित योगासन की महत्ता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि योगासन न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि यह मानसिक शांति और एकाग्रता को भी बढ़ाता है, जो छात्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में प्रधानाचार्य श्रीपाल और अजीत सहित सभी शिक्षक गणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। विहिप दुर्गावाहिनी की यह पहल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
