रमेशचंद्र
भीम प्रज्ञा न्यूज़.नीमराना। पंजाब नेशनल बैंक ने अपने ग्राहकों के प्रति अपनी संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व को एक बार फिर साबित किया है। बैंक ने शहीद सुभाष चन्द्र चौधरी के परिवार को 50 लाख रुपये का बीमा क्लेम सौंपा है। सुभाष चन्द्र चौधरी भारतीय सेना में कार्यरत थे और पीएनबी रक्षक योजना के अंतर्गत खाता धारक थे। उनके देहांत के बाद, बैंक ने उनके नामिती पिताजी श्री रामवतार चौधरी को 50 लाख रुपये की नि:शुल्क व्यक्तिगत बीमा राशि का चेक प्रदान किया। यह चेक एस.डी.एम. नीमराना श्री महेन्द्र सिंह यादव, पंजाब नेशनल बैंक, अलवर मंडल के मंडल प्रमुख श्वेतांक कुमार, नाबार्ड कोटपूतली -बहरोड के डीडीएम दीपक जाखड, अग्रणी जिला प्रबंधक मोहन लाल मीना, शाखा बर्डोंद के वरिष्ठ प्रबंधक नरूण, कृषक प्रशिक्षण केन्द्र नीमराना के निदेशक रंजीत जी व अन्य गणमान्य नागरिकों द्वारा विधिवत रूप से सुपुर्द किया गया। इस अवसर पर बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मंडल प्रमुख श्वेतांक कुमार ने कहा कि “बैंक या कोई भी संस्था किसी प्रियजन की क्षति की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन पंजाब नेशनल बैंक की विभिन्न जमा एवं बीमा योजनाएं कठिन समय में परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का मजबूत माध्यम बनती हैं।”
