पुलिस पर लगाए कार्रवाई नहीं करने के आरोप, विधायक काला ने भी की कार्रवाई की मांग
भीम प्रज्ञा न्यूज़.पिलानी। पिलानी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज भीम आर्मी के 7 लोगों ने बुधवार से पंचवटी के पास डॉ भीमराव अम्बेडकर प्रतिमा स्थल पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। अनशनकारियों के समर्थन में पिलानी विधायक पीतराम काला भी धरनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। विधायक काला ने कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाना पहली प्राथमिकता है और इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।भूख हड़ताल शुरू करने वालों में सत्यवान इनदासर, सोमबीर आजाद, विकास आल्हा, प्रीतम बिजोली, मनोज कुमार और मदनलाल शामिल हैं।
अनशनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा है। इसी नाराजगी के चलते पहले आंदोलन शुरू किया गया और बाद में सभी ने भूख हड़ताल पर बैठने का निर्णय लिया।फिलहाल प्रशासन की ओर से अनशनकारियों से बातचीत की कोशिश की जा रही है। इससे पहले एडिशनल एसपी फूलचंद मीणा ने भी अनशन स्थल पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बात की थी।
